अगर आप विंडोज लैपटॉप या पीसी का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ सेटिंग्स आपकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकती हैं. इन सेटिंग्स का उद्देश्य यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर और पर्सनलाइज करना होता है, लेकिन इसके साथ-साथ यह आपकी व्यक्तिगत जानकारी भी इकट्ठा कर सकती हैं. अगर आपने इन सेटिंग्स को बंद नहीं किया तो आपका लैपटॉप या पीसी लगातार आपका डेटा कलेक्ट करता रहेगा, जिससे आपकी निजी जानकारी को खतरा हो सकता है. आज हम आपको बताएंगे कि कौन सी सेटिंग्स हैं जो आपके डेटा की सुरक्षा को प्रभावित कर सकती हैं और इन्हें कैसे बंद किया जा सकता है.
डायग्नोस्टिक डेटा सेटिंग
विंडोज़ की डायग्नोस्टिक डेटा सेटिंग आपके सिस्टम की परफॉर्मेंस, ऐप के बिहेवियर, एरर मैसेज और आपके उपयोग किए गए फीचर्स से जुड़ी जानकारी माइक्रोसॉफ्ट को भेजती है. यह डेटा माइक्रोसॉफ्ट को सिस्टम अपडेट्स और बग फिक्स करने में मदद करता है. लेकिन यदि आप नहीं चाहते कि आपका डेटा इकट्ठा किया जाए तो आपको इसे बंद कर देना चाहिए. इसे बंद करने के लिए, सिस्टम सेटिंग्स में जाकर "प्राइवेसी और सिक्योरिटी" सेक्शन में जाएं और "डायग्नोस्टिक और फीडबैक" के तहत "ऑप्शनल डायग्नोस्टिक डेटा" को बंद करें.
एडवरटाइजिंग आईडी
विंडोज़ हर यूजर के लिए एक यूनिक एडवरटाइजिंग आईडी जनरेट करता है, जिसे इस्तेमाल कर ऐप्स आपके व्यवहार और पसंदों के आधार पर पर्सनलाइज्ड विज्ञापन दिखाते हैं. यदि आप इंटरेस्ट-बेस्ड विज्ञापनों से बचना चाहते हैं तो आपको इस आईडी को डिसेबल कर देना चाहिए. इसके लिए, सेटिंग्स में "प्राइवेसी और सिक्योरिटी" पर जाएं और फिर "जनरल" सेक्शन में जाकर "एडवरटाइजिंग आईडी" को ऑफ कर दें.
ऐप परमिशन
जब आप किसी ऐप को डाउनलोड करते हैं, तो वह माइक्रोफोन, कैमरा और कैलेंडर जैसी चीज़ों की परमिशन मांगता है. ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे सभी परमिशन को अनुमति दे देते हैं. हालांकि, कुछ परमिशन जरूरी होती हैं, लेकिन कई ऐप्स गैरजरूरी परमिशन भी मांग सकती हैं. इन परमिशनों को कंट्रोल करने के लिए, सेटिंग्स में जाकर "प्राइवेसी और सिक्योरिटी" सेक्शन में "ऐप परमिशन" पर क्लिक करें और इसे रिव्यू करें.
लोकेशन सर्विस
आपके लैपटॉप या पीसी को अक्सर लोकेशन परमिशन की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन यदि आपके सिस्टम में लोकेशन सर्विस चालू है, तो आपकी फिजिकल लोकेशन माइक्रोसॉफ्ट के पास जा सकती है. इसे बंद करने के लिए, सेटिंग्स में जाकर "प्राइवेसी और सिक्योरिटी" सेक्शन में जाएं और "लोकेशन" सेटिंग्स को अपनी आवश्यकता के अनुसार ऑन या ऑफ करें.
ये भी पढ़ें: स्मार्टफोन बेचने से पहले जरूर कर लें ये 5 काम, वरना हो जाएगा बड़ा कांड, बाद में होगा पछतावा