बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार टीकू तलसानिया इन दिनों किसी फिल्मी किरदार के कारण नहीं, बल्कि अपने एक वायरल वीडियो की वजह से सुर्खियों में हैं. उम्र के इस पड़ाव पर भी उन्होंने जोश में ऐसा कदम उठा लिया, जिसने उन्हें मुश्किल में डाल दिया. उनकी नई गुजराती फिल्म ‘मिसरी’ के प्रमोशन के दौरान अहमदाबाद की सड़कों पर बिना हेलमेट बाइक चलाकर स्टंट करना अब उनके लिए भारी पड़ गया है.
घटना गुजरात के अहमदाबाद की है, जहां टीकू तलसानिया और उनकी फिल्म ‘मिसरी’ की टीम ने बिना पुलिस की अनुमति के सड़कों पर बाइक स्टंट किया. सामने आए वीडियो में अभिनेता न केवल ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते दिखे, बल्कि बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए खतरनाक अंदाज में स्टंट भी करते नजर आए. इस वीडियो को फिल्म के प्रमोशन के हिस्से के रूप में शूट किया गया था. टीकू तलसानिया की यह फिल्म ‘मिसरी’ 31 अक्टूबर को गुजरात के मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री मानसी पारेख और अभिनेता रौनक कामदार मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. हालांकि फिल्म की रिलीज से पहले ही इसका प्रमोशनल वीडियो विवादों में घिर गया.
सोशल मीडिया पर बढ़ा विरोध, पुलिस की सख्त कार्रवाई
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब आम नागरिकों को ट्रैफिक नियम तोड़ने पर तुरंत चालान भरना पड़ता है, तो कलाकारों को क्यों छूट दी जाए? कई लोगों ने राज्य के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और डीजीपी विकास सहाय को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की. आखिरकार अहमदाबाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और फिल्म ‘मिसरी’ की टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी है.
સોશિયલ મીડિયામાં વાયરલ વીડિયો આધારે “એ ટ્રાફિક પો.સ્ટે.” દ્વારા કાયદેસરની કાર્યવાહી કરવામાં આવી.#ahmdabadtrafficpolice #ahmedabadpolice #gujaratpolice #viralvideo @AhmedabadPolice @GujaratPolice pic.twitter.com/L0qrz3KFwp
— AHMEDABAD TRAFFIC POLICE (@PoliceAhmedabad) October 30, 2025
माफी मांगते नजर आए टीकू तलसानिया
वीडियो पर विवाद बढ़ने के बाद टीकू तलसानिया ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने कहा कि यह स्टंट सिर्फ फिल्म प्रमोशन का हिस्सा था, लेकिन अब उन्हें एहसास है कि ऐसा करना गलत था. अभिनेता ने माफी मांगते हुए कहा कि “मेरा उद्देश्य किसी को गलत संदेश देना नहीं था. यह सिर्फ फिल्म का प्रमोशनल एक्टिविटी थी, लेकिन मैं मानता हूं कि हमें कानून का सम्मान करना चाहिए.”
उम्र के बावजूद जोश, पर जिम्मेदारी भी जरूरी
टीकू तलसानिया लंबे समय से फिल्म जगत में सक्रिय हैं और अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं. लेकिन 71 वर्ष की उम्र में उन्होंने जो जोखिम उठाया, उसने लोगों को हैरान कर दिया. फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों ने भी इसे गैर-जिम्मेदाराना बताया. उनका कहना है कि कलाकार समाज के रोल मॉडल होते हैं, ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर कानून का उल्लंघन करना गलत संदेश देता है.
‘मिसरी’ पर पड़ा विवाद का साया
गुजराती सिनेमा की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिसरी’ का उद्देश्य रोमांस और परिवारिक मूल्यों पर केंद्रित है, लेकिन अब इसका प्रचार विवाद में फंस गया है. दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह तो बना हुआ है, मगर इस घटना ने टीम की छवि पर असर जरूर डाला है.
यह भी पढ़ें: कौन होगा बिग-बॉस कंटेस्टेंट, कैसे होता है सिलेक्शन? मेकर्स ने रिवील किया सीक्रेट!