उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को आज दोपहर तक अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाना तय माना जा रहा है. पार्टी के भीतर चल रही संगठनात्मक प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी रह गई है. मौजूदा हालात को देखते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और महराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी का निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय है.
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा शनिवार दोपहर 3 बजे समाप्त हो गई थी. इस तय समय के भीतर पंकज चौधरी के अलावा किसी भी अन्य नेता ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया. ऐसे में वह इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार रह गए हैं.