बीजिंग: चीन में हाल ही में एक ऐसा भयंकर ट्रैफिक जाम देखने को मिला जिसने दुनिया के कई बड़े शहरों के यातायात जाम को पीछे छोड़ दिया. यह महाजाम चीन के अनहुई प्रांत में स्थित वुझुआंग टोल स्टेशन पर देखने को मिला, जहां लाखों की संख्या में वाहन एक साथ सड़कों पर निकल पड़े और घंटों तक जाम में फंसे रहे.
यह जाम तब लगा जब राष्ट्रीय दिवस (National Day) और मध्य-शरद उत्सव (Mid-Autumn Festival) की आठ दिवसीय लंबी छुट्टियों के बाद लोग छुट्टियां बिताकर अपने घरों को लौट रहे थे. यह छुट्टियां 1 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चलीं, और 9 अक्टूबर को लाखों लोग जब अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए, तब यह ट्रैफिक संकट उत्पन्न हुआ.
ट्रैफिक जाम में 36 लेन भी पड़ीं कम
चीन का वुझुआंग टोल स्टेशन देश के सबसे बड़े टोल स्टेशनों में से एक है, जिसकी कुल 36 लेन हैं. लेकिन छुट्टियों के बाद वाहन चालकों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि ये सभी लेन भर गईं और कारों की लंबी कतारें कई किलोमीटर तक फैल गईं.
The return tide has arrived — millions of travelers are heading home from the holiday. pic.twitter.com/2cB8VAH7Nm
— China Perspective (@China_Fact) October 8, 2025
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ड्रोन फुटेज और वीडियो में टोल स्टेशन से गुजरने के लिए जूझते वाहनों की लाल टेललाइट्स की लंबी चमकदार कतारें साफ देखी जा सकती हैं. ये दृश्य रात के समय किसी रोशनी से जगमगाते मैदान की तरह नजर आ रहे थे. वाहन टोल गेट पार करने के लिए कई लेनों से सिमटकर चार-पांच लेनों में आ जाते थे, जिससे जाम और भी गंभीर हो गया.
कितने वाहन फंसे? आंकड़े चौंकाने वाले
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, केवल वुझुआंग टोल स्टेशन पर ही करीब 1,20,000 वाहन एक साथ मौजूद थे. ये सभी लोग छुट्टियां बिताने के बाद वापस अपने शहरों की ओर लौट रहे थे. यह संख्या इस बात का प्रमाण है कि छुट्टियों के दौरान चीन में आंतरिक यात्रा का पैमाना कितना बड़ा होता है.
चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस वर्ष की छुट्टियों के दौरान 88.8 करोड़ घरेलू यात्राएं दर्ज की गईं. यह आंकड़ा पिछले साल के 76.5 करोड़ यात्राओं की तुलना में कहीं अधिक है. इसका सीधा असर सड़क यातायात पर भी पड़ा.
उत्सव जो बना जाम का कारण
चीन में मध्य-शरद उत्सव एक पारंपरिक पारिवारिक त्योहार है, जो आमतौर पर सितंबर या अक्टूबर में पड़ता है. इस साल यह उत्सव राष्ट्रीय दिवस की छुट्टियों के साथ जुड़ गया, जिससे छुट्टियों की अवधि बढ़कर 8 दिन हो गई. इन छुट्टियों का अधिकतर चीनी नागरिक उपयोग अपने गांव या होमटाउन जाकर परिवार के साथ समय बिताने में करते हैं.
लेकिन जब छुट्टियां खत्म हुईं, तो हर कोई एक साथ लौटने के लिए सड़कों पर निकल पड़ा. नतीजा देशभर में कई जगहों पर ट्रैफिक का भारी दबाव, खासकर प्रमुख टोल स्टेशनों और हाईवे पर.
क्या यह पहली बार हुआ है?
यह कोई पहली बार नहीं है जब चीन को ऐसे विशाल ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा हो. साल 2010 में चीन ने इतिहास का सबसे लंबा ट्रैफिक जाम देखा था, जब बीजिंग-तिब्बत एक्सप्रेसवे (G110) पर लगभग 100 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था. यह जाम 12 दिनों तक चला था, जिसमें हजारों वाहन और यात्री फंसे रहे थे.
उस समय ट्रकों के टूटने, खराब सड़क मरम्मत व्यवस्था और ओवरलोडिंग जैसे कारणों से हालात बिगड़ गए थे. लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलकर पानी और खाना लेना पड़ा था. इस घटना ने चीन की यातायात व्यवस्था की गंभीर कमजोरियों को उजागर कर दिया था.
ये भी पढ़ें- PoK पर खत्म होगा पाकिस्तान का कब्जा! भारत ने चल दी बड़ी चाल, क्या सच में बदल जाएगा इतिहास और भूगोल?