अमेरिका ने गाजा पट्टी के भविष्य को लेकर एक महत्वाकांक्षी और बड़े पैमाने पर पुनर्निर्माण योजना सामने रखी है. इस प्रस्ताव के तहत इजरायली हमलों से तबाह हुए फिलिस्तीनी क्षेत्र को पूरी तरह नए स्वरूप में विकसित करने की बात कही गई है. यह गाजा मास्टर प्लान गुरुवार को दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान पेश किया गया, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘बोर्ड ऑफ पीस’ से जुड़े एक विशेष हस्ताक्षर समारोह का आयोजन हुआ था.
इस कार्यक्रम में व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने गाजा के भविष्य का विज़न स्लाइड प्रेज़ेंटेशन के जरिए प्रस्तुत किया. इन स्लाइड्स में भूमध्य सागर के किनारे ऊंची गगनचुंबी इमारतें, आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट और राफा में विकसित किए जाने वाले नए आवासीय क्षेत्र दिखाए गए. पूरा खाका किसी अत्याधुनिक अमेरिकी तटीय शहर जैसा नजर आया.
ट्रंप बोले- लोकेशन ही सबसे बड़ी ताकत
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस योजना को लेकर खुलकर अपनी सोच रखी. उन्होंने कहा कि गाजा का भविष्य बेहद उज्ज्वल हो सकता है और यह परियोजना देखने में शानदार होगी. ट्रंप ने कहा कि वह खुद को दिल से एक रियल एस्टेट विशेषज्ञ मानते हैं और किसी भी विकास की सबसे बड़ी ताकत उसकी लोकेशन होती है.
उन्होंने भूमध्य सागर के किनारे स्थित गाजा को एक “बेहद खूबसूरत प्रॉपर्टी” बताते हुए कहा कि यह जगह लाखों लोगों के लिए क्या कुछ बन सकती है, इसकी कल्पना की जा सकती है. ट्रंप के मुताबिक, सही योजना और निवेश से यह इलाका पूरी तरह बदल सकता है.
गाजा के लिए कोई वैकल्पिक योजना नहीं
जेरेड कुशनर ने स्पष्ट किया कि यह योजना किसी अस्थायी प्रयोग का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसे पूरी सफलता के लक्ष्य के साथ तैयार किया गया है. उन्होंने बताया कि शुरुआत में अलग-अलग संभावनाओं पर विचार किया गया था, जिसमें एक फ्री ज़ोन और एक अलग हमास नियंत्रित क्षेत्र का विचार भी शामिल था, लेकिन बाद में इसे खारिज कर दिया गया.
कुशनर ने कहा कि अब लक्ष्य सिर्फ एक है- पूरे गाजा को नए सिरे से खड़ा करना. उन्होंने यह भी कहा कि हमास द्वारा सेना हटाने को लेकर जिस समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं, उसी को जमीन पर लागू किया जाएगा. जब उनसे वैकल्पिक योजना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि इस परियोजना का कोई “प्लान बी” नहीं है.
बहु-चरणीय सुरक्षा और निरस्त्रीकरण रणनीति
कुशनर ने गाजा के लिए एक मल्टी-फेज रणनीति का खाका भी पेश किया. इसके तहत सबसे पहले हमास को अपने सभी भारी हथियार सौंपने होंगे, जिनमें मिसाइल, रॉकेट और एंटी-टैंक हथियार शामिल हैं. इसके बाद छोटे हथियारों को चरणबद्ध तरीके से निष्क्रिय किया जाएगा, जिसकी निगरानी एक नए गठित फिलिस्तीनी पुलिस बल द्वारा की जाएगी.
एक अहम और चौंकाने वाले प्रस्ताव के तहत यह भी कहा गया है कि जो हमास सदस्य स्वेच्छा से हथियार छोड़ देंगे, उन्हें माफी दी जा सकती है और समाज में दोबारा शामिल होने का मौका मिलेगा. कड़ी सुरक्षा जांच के बाद कुछ लोगों को नए फिलिस्तीनी सुरक्षा बल में शामिल किए जाने की संभावना भी जताई गई है.
जब किसी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल (ISF) यह पुष्टि कर देगा कि वह इलाका पूरी तरह निरस्त्र हो चुका है, तब इजरायली सेना वहां से हटकर एक सीमित सुरक्षा घेरे में लौट जाएगी.
‘न्यू गाजा’ का भव्य विकास मॉडल
अमेरिकी मास्टर प्लान में गाजा के तटीय हिस्से को खास तौर पर विकसित करने का प्रस्ताव है. योजना के मुताबिक समुद्र के किनारे एक रिजर्व ज़ोन बनाया जाएगा, जहां करीब 180 ऊंचे टॉवर-ब्लॉक होंगे. इसके अलावा मिस्र की सीमा के पास एक नया बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विकसित करने की भी योजना है.
मिस्र और इजरायल की सीमाओं के मिलने वाले बिंदु पर एक त्रिपक्षीय क्रॉसिंग स्थापित की जाएगी, जिससे व्यापार और आवाजाही को बढ़ावा मिल सके. गाजा के पुनर्निर्माण को चार चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसकी शुरुआत दक्षिणी शहर राफा से होगी और फिर धीरे-धीरे यह गाजा सिटी की ओर उत्तर की दिशा में आगे बढ़ेगा.
राफा बनेगा नए गाजा की नींव
प्रस्तुति में राफा शहर को नए गाजा का शुरुआती केंद्र बताया गया है. योजना के अनुसार, नए राफा में एक लाख से ज्यादा आवासीय यूनिट्स, लगभग 200 शैक्षणिक संस्थान और 75 मेडिकल सुविधाएं बनाई जाएंगी. राफा गाजा पट्टी का सबसे दक्षिणी शहर है, जहां कभी करीब 2.8 लाख लोग रहते थे.
लगातार इजरायली हमलों के बाद यह इलाका बड़े पैमाने पर तबाह हो चुका है और कई हिस्से पूरी तरह समतल हो गए हैं. कुशनर ने कहा कि नए राफा का निर्माण दो से तीन वर्षों में संभव है और मलबा हटाने तथा प्रारंभिक विध्वंस का काम पहले ही शुरू किया जा चुका है.
ये भी पढ़ें- WHO से अलग हुआ अमेरिका, जिनेवा हेडक्वार्टर के बाहर से उतारा गया US का झंडा, ट्रंप का सपना पूरा!