वॉशिंगटन/मियामी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने तीखे बयानों से राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है. मियामी में आयोजित एक बिजनेस फोरम के दौरान उन्होंने भारतीय मूल के नेता और न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी का मज़ाक उड़ाया.
ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, "वो जो मंडानी या जो भी उसका नाम है, न्यूयॉर्क वाला... सोचता है कि पुरुषों का महिलाओं के खेलों में हिस्सा लेना बहुत अच्छा है."
उनका यह बयान ममदानी के उस रुख पर निशाना था, जिसमें वे ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों के समर्थन में खड़े हुए थे. ममदानी का मानना है कि अगर कोई व्यक्ति खुद को महिला मानता है, तो उसे महिलाओं की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का समान अधिकार मिलना चाहिए.
ट्रंप का ट्रांसजेंडर मुद्दे पर हमला
अपने भाषण में ट्रंप यहीं नहीं रुके. उन्होंने ममदानी को “कम्युनिस्ट” कहते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी की विचारधारा पर भी सीधा हमला बोला.
उन्होंने कहा कि, "न्यूयॉर्क का चुनाव नतीजा यह दिखाता है कि अब अमेरिकियों के सामने दो रास्ते हैं, या तो कॉमन सेंस चुनें या कम्युनिज्म."
ट्रंप ने दावा किया कि डेमोक्रेटिक पार्टी अब समाजवाद की ओर बढ़ रही है और ममदानी जैसे नेता इसका उदाहरण हैं. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि "देखिए, न्यूयॉर्क ने अब देश के सबसे बड़े शहर में एक कम्युनिस्ट को मेयर बना दिया है."
जोहरान ममदानी कौन हैं?
जोहरान ममदानी भारतीय मूल के अमेरिकी राजनीतिज्ञ हैं, जिन्होंने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की. वे डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रगतिशील (Progressive) गुट से आते हैं और समाज में समानता, आर्थिक सुधार और सामाजिक न्याय की वकालत करते हैं.
उनका जन्म एक भारतीय परिवार में हुआ था और वे लंबे समय से अमेरिका में राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं. उन्होंने खुद को “प्रोग्रेसिव न्यूयॉर्कर” के रूप में पेश किया है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास सुधार जैसे मुद्दों पर काम करना चाहता है.
जनता ने बदलाव चुना है- ममदानी
ट्रंप के बयान के बाद ममदानी ने प्रेस से कहा कि उनकी जीत इस बात का संकेत है कि अमेरिकी जनता अब बदलाव चाहती है. उन्होंने कहा, "हमने जो वादा किया था, उसे निभाना ही हमारा जनादेश है. यह जीत दिखाती है कि लोग प्रगतिशील नीतियों में विश्वास रखते हैं."
ममदानी ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता आर्थिक समानता और सामाजिक कल्याण होगी. उन्होंने यह भी कहा कि वे अमीर वर्ग पर अधिक कर (Tax) लगाने के पक्ष में हैं, ताकि सरकार की योजनाओं को वित्तीय रूप से मज़बूत किया जा सके.
चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि “यूनिवर्सल चाइल्ड केयर” जैसी योजनाएँ बिना टैक्स बढ़ाए भी संभव हैं, लेकिन अब उनका मानना है कि अमीरों से अधिक टैक्स वसूलना जरूरी होगा ताकि सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाया जा सके.
ट्रंप ने दी चेतावनी- ‘सरकार का सम्मान करें’
ट्रंप ने बाद में फॉक्स न्यूज से बातचीत में ममदानी को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें सरकार और संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए, वरना वे सफल नहीं हो पाएंगे.
उन्होंने कहा, "राजनीति में आदर्शवाद ठीक है, लेकिन जब आप जिम्मेदारी के पद पर होते हैं, तो आपको सिस्टम के साथ तालमेल बिठाना होता है."
ट्रंप का यह बयान इस ओर इशारा करता है कि ममदानी की प्रगतिशील नीतियाँ अमेरिकी राजनीतिक व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं.
रिपब्लिकन पार्टी की कई राज्यों में हार
न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव के साथ-साथ अमेरिका के दो प्रमुख राज्यों- वर्जीनिया और न्यू जर्सी में भी चुनाव हुए, जिनमें रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा. वर्जीनिया में एबिगैल स्पैनबर्गर, जो डेमोक्रेटिक उम्मीदवार थीं, ने 57.5% वोटों के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की. वे इस राज्य की पहली महिला गवर्नर बनी हैं.
वहीं, न्यू जर्सी में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार माइकी शेरिल ने 56.2% वोट हासिल किए, जो इस राज्य में किसी महिला उम्मीदवार को मिले अब तक के सबसे अधिक वोट हैं. इस चुनाव में रिकॉर्ड खर्च भी हुआ करीब 1,660 करोड़ रुपये, जिसने 2005 के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें- मुस्लिम उम्माह को धोखा देने की तैयारी में पाकिस्तान! 20000 जवानों को भेजेगा गाजा, क्या है मुनीर का प्लान?