Trump Meets Zohran Mamdani: अमेरिकी राजनीति में शुक्रवार का दिन खास रहा, जब न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर ज़ोहरान ममदानी ने पहली बार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चला आ रहा राजनीतिक तनाव इस मुलाकात में काफी हद तक ढीला दिखाई दिया. जिस ट्रंप ने चुनाव अभियान के दौरान ममदानी पर कड़े शब्दों में हमले किए थे, वही अब ओवल ऑफिस में खड़े होकर उनकी तारीफ करते भी नजर आए.
यह बैठक न सिर्फ राजनीतिक माहौल को नया मोड़ देती दिखी, बल्कि यह भी संकेत देती है कि न्यूयॉर्क और फेडरल प्रशासन के बीच आगे के दिनों में एक नई कार्यशैली देखने को मिल सकती है.
मीटिंग के बाद बदला हुआ लहजा
ओवल ऑफिस में की गई इस मुलाकात को ट्रंप ने “बहुत अच्छी” और “काफी प्रोडक्टिव” बताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि दोनों के बीच आगे संबंध बेहतर रहेंगे. उनके बगल में खड़े मेयर ममदानी भी सहज और संयमित दिखे. बंद कमरे में हुई यह बातचीत इस बात का संकेत थी कि दोनों के बीच हालिया महीनों में हुई तीखी बयानबाज़ी अब पीछे छूट सकती है.ट्रंप ने मीडिया के सामने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि वे और ममदानी साथ मिलकर न्यूयॉर्क को मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे. यह वही ट्रंप हैं जिन्होंने चुनाव अभियान के दौरान ममदानी को “कट्टर लेफ्ट पागल” और “न्यूयॉर्क के लिए खतरा” जैसे शब्दों से नवाज़ा था.
ओवल ऑफिस मीटिंग की पृष्ठभूमि
34 वर्षीय डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट ज़ोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को हराकर मेयर बने थे, और उनकी यह जीत अमेरिकी राजनीति में काफी चर्चा का विषय बनी. ममदानी ने ही व्हाइट हाउस मीटिंग का अनुरोध किया था.व्हाइट हाउस ने उनके आने की पुष्टि तो की, लेकिन ममदानी जिस तरह से मीडिया को चकमा देकर दूसरे रास्ते से अंदर पहुंचे, वह दिन की सबसे दिलचस्प घटनाओं में से एक रही. रिपोर्टर वेस्ट विंग के बाहर इंतज़ार करते रहे, जबकि ममदानी पहले ही बिना किसी शोर-शराबे के अंदर मौजूद थे. व्हाइट हाउस कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चेउंग ने इस घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर मज़ाकिया अंदाज़ में पोस्ट कर पत्रकारों को चिढ़ाते हुए लिखा— “बहुत देर हो गई दोस्तों! तुम बहुत धीमे हो!”
किन मुद्दों पर हुई चर्चा
ममदानी ने मुलाकात का आग्रह मुख्यतः न्यूयॉर्क से जुड़े गंभीर मसलों बढ़ती महंगाई. आवास संकट और पब्लिक सेफ्टी पर चर्चा के लिए किया था. ये वही मुद्दे हैं जिन पर ट्रंप और ममदानी सार्वजनिक मंचों पर कई बार आमने-сामने आ चुके हैं. विशेषकर इमिग्रेशन, पुलिसिंग और फेडरल फंडिंग जैसे विषयों पर दोनों की राय टकराती रही है. इसके बावजूद, ममदानी ने कहा कि वह न्यूयॉर्क के 8.5 मिलियन निवासियों की जिंदगी आसान बनाने के लिए किसी के भी साथ, यहां तक कि अपने राजनीतिक विरोधियों के साथ भी काम करने को तैयार हैं.
राजनीतिक मतभेदों के बीच सहयोग की उम्मीद
हालांकि दोनों नेता विचारधाराओं के मामले में विपरीत ध्रुवों पर खड़े नजर आते हैं, लेकिन इस मीटिंग ने यह संकेत दे दिया कि शहर और देश के हित में सहयोग से काम करने की एक नई शुरुआत संभव है. यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे आने वाले महीनों में ट्रंप प्रशासन और मेयर ममदानी की नीतियों के बीच तालमेल कैसा बनता है, और क्या यह मुलाकात वास्तव में राजनीतिक रिश्तों में नया अध्याय खोल पाएगी या नहीं.
यह भी पढ़ें: तेजस ही नहीं दुबई एयर शो में क्रैश हो चुके हैं पाक-चीन समेत इन देशों के लड़ाकू विमान, जानें पूरी जानकारी