अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब बांग्लादेश में रियल एस्टेट के क्षेत्र में अपने कदम बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं. खबरों के मुताबिक, ट्रंप बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित सेंट मार्टिन द्वीप पर एक हाई-एंड रिजॉर्ट बनाने की योजना बना रहे हैं. इस प्रोजेक्ट के तहत एक विशेष क्षेत्र (स्पेशल ज़ोन) विकसित किया जाएगा, जिसे खासतौर पर विदेशी पर्यटकों के लिए तैयार किया जाएगा.
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में न्यूयॉर्क में बांग्लादेश सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी. इस बैठक में सेंट मार्टिन द्वीप के संभावित विकास को लेकर बातचीत हुई थी. इसके अतिरिक्त, यूनुस ने ट्रंप के दक्षिण एशिया मामलों के विशेष सलाहकार सर्गियो गोर से भी मुलाकात की, जिसमें इस द्वीप पर अमेरिकी निवेश और परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
99 साल की लीज पर मिलेगा द्वीप
सूत्रों की मानें तो बांग्लादेश की अंतरिम सरकार सेंट मार्टिन द्वीप को अमेरिका को 99 साल की लीज पर देने पर सहमत हो चुकी है. वर्तमान में बांग्लादेश में संसद स्थगित है, ऐसे में सरकार को इसके लिए संसदीय मंजूरी लेने की आवश्यकता नहीं है. सेना के समर्थन से कार्यरत अंतरिम सरकार इस तरह के फैसले अपने स्तर पर ले सकती है.
रणनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है सेंट मार्टिन
बंगाल की खाड़ी में स्थित सेंट मार्टिन द्वीप केवल 9 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, लेकिन इसकी भौगोलिक स्थिति बेहद अहम मानी जाती है. यह द्वीप बांग्लादेश की मुख्य भूमि से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर है. यहां की जनसंख्या करीब 3,500 के आसपास है. इसके दक्षिण में मलक्का जलसंधि स्थित है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन के लिए एक प्रमुख समुद्री मार्ग है. इस जलसंधि से वैश्विक व्यापार का लगभग 30% माल परिवहन होता है.
अमेरिकी उपस्थिति बढ़ाने की योजना
डोनाल्ड ट्रंप की योजना है कि इस द्वीप पर एक लग्जरी रिजॉर्ट बनाकर अमेरिकी उपस्थिति को मजबूत किया जाए. यह प्रोजेक्ट ट्रंप के गाजा में बने रिजॉर्ट की तरह होगा, जिसमें न केवल पर्यटकों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी, बल्कि एक उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाएगा. इस विकास कार्य की ज़िम्मेदारी ट्रंप की ही रियल एस्टेट कंपनियों को दी जा सकती है.
कॉक्स बाजार में नेवल बेस की योजना
सेंट मार्टिन द्वीप के अलावा, ट्रंप की टीम "प्लान बी" पर भी काम कर रही है. इसके तहत बांग्लादेश की मुख्य भूमि में स्थित कॉक्स बाजार में एक अमेरिकी नेवल बेस स्थापित करने की योजना है. यह क्षेत्र सेंट मार्टिन द्वीप से करीब 120 किलोमीटर पूर्व में स्थित है. फिलहाल, कॉक्स बाजार क्षेत्र में चीन को दो पनडुब्बियां रखने की अनुमति दी गई है. हाल ही में अमेरिकी और बांग्लादेशी नौसेना ने बंगाल की खाड़ी में संयुक्त युद्धाभ्यास भी किया था, जिससे यह क्षेत्र सामरिक रूप से और अधिक चर्चा में आ गया है.
ये भी पढ़ें- हमास मान गया ट्रंप का पीस प्लान, फिर भी अभी खत्म नहीं होगी गाजा जंग, जानें अब कहां फंस गया पेच?