वॉशिंगटन: अमेरिका एक बार फिर राजनीतिक उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है. देश के हर कोने से लाखों लोग सड़कों पर उतरे हैं, लेकिन इस बार वजह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि एक राष्ट्रपति की बेहूदगी भरी प्रतिक्रिया भी है.
शनिवार को अमेरिका के सभी 50 राज्यों में “नो किंग्स” नाम से एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया गया. इसका मकसद था डोनाल्ड ट्रंप की तानाशाही शैली और उनकी जनविरोधी नीतियों का खुलकर विरोध करना. प्रदर्शनकारियों का साफ संदेश था: "अमेरिका किसी राजा के अधीन नहीं हो सकता."
70 लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर
इस आंदोलन में देश भर से अनुमानित 70 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया. न्यूयॉर्क, लॉस एंजेलिस, शिकागो, अटलांटा जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों और फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के निजी निवास ‘मार-ए-लागो’ के आसपास भी लोगों की भारी भीड़ जुटी.
वॉशिंगटन डीसी में हजारों लोग अमेरिकी संसद के सामने जुटे और लोकतंत्र, समानता और संस्थाओं की स्वतंत्रता की मांग करते हुए नारे लगाए. कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी झंडे को उलटा लहराकर सत्ता की गड़बड़ी पर विरोध जताया.
ट्रंप का जवाब: एक शर्मनाक वीडियो
इस व्यापक और शांतिपूर्ण आंदोलन के बाद जिस चीज ने सबसे ज़्यादा आलोचना बटोरी, वो था डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक AI-जनरेटेड वीडियो. इस वीडियो में ट्रंप को ‘राजा’ के रूप में दिखाया गया है, सिर पर सोने का मुकुट, हाथ में शक्ति का प्रतीक और एक सिंहासन पर विराजमान.
वीडियो में ट्रंप एक लड़ाकू विमान से उड़ान भरते हुए प्रदर्शनकारियों पर मल और मूत्र बरसाते नजर आते हैं. बैकग्राउंड में ‘डेंजर ज़ोन’ जैसे प्रसिद्ध गीत बजते हैं, जिससे दृश्य और भी भड़काऊ बन जाता है. एक अन्य वीडियो में वह व्हाइट हाउस के सामने गंभीर मुद्रा में खड़े हैं, और बैकग्राउंड में इतालवी गायक अंद्रेआ बोचेली का गाना बज रहा है.
इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त आक्रोश पैदा कर दिया है. आलोचकों का कहना है कि यह वीडियो न सिर्फ अमर्यादित है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है.
देशभर में विरोध की आग
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर से लेकर ब्रुकलिन तक, कम से कम 1 लाख लोग सड़कों पर उतरे. बोस्टन, फिलाडेल्फिया, डेनवर, शिकागो, अटलांटा, और सिएटल जैसे शहरों में भी हजारों की संख्या में नागरिकों ने ट्रंप के खिलाफ नारेबाज़ी की.
लॉस एंजेलिस और सैन डिएगो में रैलियों ने जनसैलाब का रूप ले लिया. सिएटल में प्रदर्शनकारियों ने शहर के सिटी सेंटर से लेकर स्पेस नीडल तक एक मील लंबा मार्च किया. सैन डिएगो पुलिस के मुताबिक, करीब 25,000 लोगों ने पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण प्रदर्शन में हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में महंगाई ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, दो वक्त की रोटी के लिए तरस रहे लोग, आएगी आर्थिक मंदी?