'मादुरो से भी बुरा हाल होगा...' ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति को दी धमकी, और बढ़ेगा तनाव?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को लेकर तीखा बयान दिया है.

Trump threatens Venezuela interim President Delcy Rodriguez
Image Source: Social Media

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को लेकर तीखा बयान दिया है. ट्रंप ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला के भविष्य को लेकर अमेरिका की अपेक्षाओं के अनुरूप कदम नहीं उठाती हैं, तो उनका हाल पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से भी ज्यादा खराब हो सकता है.

ट्रंप का यह बयान अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर रहा है, खासकर ऐसे समय में जब वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन और अमेरिकी भूमिका को लेकर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं.

द अटलांटिक को दिए इंटरव्यू में कही बड़ी बात

डोनाल्ड ट्रंप ने यह टिप्पणी प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका द अटलांटिक को दिए एक इंटरव्यू के दौरान की. उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका वेनेजुएला में मौजूदा सत्ता से बड़े बदलाव की उम्मीद कर रहा है और इस दिशा में सहयोग न मिलने पर कड़े कदम उठाए जा सकते हैं.

इससे एक दिन पहले ट्रंप ने यह भी बताया था कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने डेल्सी रोड्रिग्ज से बातचीत की है. ट्रंप के मुताबिक, रोड्रिग्ज वेनेजुएला के लोगों की जीवन स्थितियों को बेहतर बनाने के लिए अमेरिका की शर्तों पर काम करने को तैयार नजर आ रही हैं.

न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए बयान में सैन्य कार्रवाई का संकेत

ट्रंप ने न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए एक अन्य इंटरव्यू में कहा था कि अगर डेल्सी रोड्रिग्ज अमेरिका के प्रस्तावों को स्वीकार कर लेती हैं, तो वेनेजुएला में अमेरिकी सेना तैनात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका के पास सभी विकल्प खुले हैं.

दूसरी ओर, डेल्सी रोड्रिग्ज ने सार्वजनिक रूप से निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के अमेरिकी कदमों की आलोचना की है. उन्होंने अमेरिका से मांग की है कि मादुरो को वापस वेनेजुएला भेजा जाए, जिससे वहां की राजनीतिक स्थिति को घरेलू स्तर पर सुलझाया जा सके.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बनीं अंतरिम राष्ट्रपति

वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त करने का आदेश जारी किया है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने उन्हें तुरंत प्रभाव से राष्ट्रपति के सभी अधिकारों के साथ कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं.

इस फैसले के बाद वेनेजुएला में सत्ता संतुलन पूरी तरह बदल गया है और देश एक ट्रांजिशन पीरियड से गुजर रहा है.

वेनेजुएला पर अमेरिका का कब्जा नहीं- रुबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने वेनेजुएला में अमेरिकी दखल को लेकर सफाई दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात को अमेरिका का “कब्जा” नहीं कहा जा सकता.

CBS न्यूज को दिए इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वेनेजुएला पर अमेरिका का नियंत्रण है, तो रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के पास हर परिस्थिति से निपटने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन फिलहाल जमीन पर अमेरिकी ऑक्युपेशन जैसी कोई स्थिति नहीं है.

हालांकि, इससे पहले 3 जनवरी को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में वेनेजुएला पर अमेरिकी कब्जे की बात कहकर विवाद खड़ा कर दिया था.

ट्रंप ने वेनेजुएला के लिए बनाई नई टीम

रविवार को ट्रंप ने वेनेजुएला के प्रशासन और स्थिरता के लिए एक विशेष अमेरिकी टीम के गठन का ऐलान किया. इस टीम में विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं.

इस टीम का उद्देश्य वेनेजुएला में कानून-व्यवस्था बहाल करना, सरकारी संस्थानों को फिर से सक्रिय करना, तेल, ऊर्जा और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को स्थिर करना और सत्ता परिवर्तन के दौरान देश को संभालने में मदद करना है.

ये भी पढ़ें- क्या बांग्लादेश को T20 वर्ल्डकप 2026 से बाहर करवा सकता है BCCI, जानें क्या है ICC का नियम?