इस्लामाबाद: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर पाकिस्तान वायुसेना द्वारा हाल में की गई एयरस्ट्राइक के कुछ ही दिनों बाद पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक खौफनाक आतंकी हमला हुआ है. प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए इसे काबुल पर हुए हमले का बदला बताया है.
डेरा इस्माइल खान का पुलिस प्रशिक्षण केंद्र
यह आत्मघाती हमला खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान जिले में स्थित एक पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के अंदर किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों की संख्या तीन थी, जिनमें से एक ने खुद को विस्फोटक से उड़ा लिया. बाकी दो हमलावरों को सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में मार गिराया.
Aftermath of attack on Dera Ismail Khan Police training center pic.twitter.com/GMOXltAG9V
— OsintTV 📺 (@OsintTV) October 11, 2025
स्थानीय मीडिया चैनल ARY News और पत्रकार जफर नकवी के अनुसार, इस हमले में कम से कम 50 पुलिसकर्मियों के मारे जाने की आशंका है. हालांकि, सरकारी सूत्रों ने अब तक केवल 7 पुलिसकर्मियों की मौत और 13 के घायल होने की पुष्टि की है. डॉक्टरों और चश्मदीदों के अनुसार मृतकों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है, लेकिन सरकारी बयान में इस पर स्पष्टता नहीं दी गई है.
हमले के बाद मचा अफरा-तफरी का माहौल
घटना के तुरंत बाद डेरा इस्माइल खान के जिला मुख्यालय अस्पताल में घायलों को लाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा, और इलाज के लिए अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया.
स्थानीय पत्रकारों ने दावा किया है कि अस्पताल में लाए गए शवों और घायलों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से काफी अधिक है. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार और प्रशासन वास्तविक मौतों के आंकड़े को दबाने की कोशिश कर रहे हैं.
#BREAKING: Suicide Bomber video from inside Police Training Centre in Dera Ismail Khan of KPK, Pakistan. Over 7 Pakistani soldiers killed, 13 injured. If this is official number, original casualties could be much higher. TTP says attack revenge against Pakistan’s attack on Kabul. pic.twitter.com/9DvaDzjnYO
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) October 11, 2025
टीटीपी का दावा: यह हमला एयरस्ट्राइक का बदला
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि यह काबुल में पाकिस्तान एयरफोर्स द्वारा की गई एयरस्ट्राइक का प्रतिशोध है. गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तान ने अफगान सीमा पर कथित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए थे, जिसमें कई लोग मारे गए थे. इस कार्रवाई के बाद से ही पाकिस्तान और अफगान तालिबान के रिश्तों में भारी तनाव देखा गया.
डी.आई. खान पहले भी रहा है निशाने पर
डेरा इस्माइल खान जिला हाल के महीनों में आतंकियों के लिए एक सक्रिय क्षेत्र बन चुका है. एक दिन पहले ही इसी जिले के दरबन इलाके में पाकिस्तानी सेना ने एक इंटेलिजेंस-बेस्ड ऑपरेशन (IBO) चलाया था, जिसमें 7 आतंकियों को मार गिराने का दावा किया गया था. हालांकि, उस ऑपरेशन में सेना का एक मेजर भी मारा गया.
आतंकी घटनाओं में तेज़ी से इज़ाफा
सिक्योरिटी थिंक टैंक Center for Research and Security Studies (CRSS) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की तीसरी तिमाही में पाकिस्तान में हिंसा और आतंकी हमलों के मामलों में 46% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस दौरान पूरे देश में 901 लोग मारे गए और 599 घायल हुए.
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवाद की घटनाएं विशेष रूप से बढ़ी हैं. इन दोनों क्षेत्रों में अफगान सीमा के निकट होने के कारण आतंकी संगठन अक्सर छिपने और हमले की योजना बनाने के लिए इनका इस्तेमाल करते हैं.
ये भी पढ़ें- जिनपिंग का वो फैसला, जिससे भड़क गए ट्रंप... चीन पर क्यों लगाया 100% टैरिफ? जानें इनसाइड स्टोरी