ग्रैमी के मंच पर गूंजेगी भारतीय आस्था की धुन, प्रयागराज के महाकुंभ पर आधारित एल्बम को मिला नॉमिनेशन

Mahakumbh Album Nominated In Grammy: भारत की आध्यात्मिक ध्वनि अब वैश्विक मंच पर अपनी अनोखी गूंज बिखेरने जा रही है. विश्व संगीत के सबसे प्रतिष्ठित मंच 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में इस बार “राम नाम” की प्रतिध्वनि सुनाई देने वाली है.

tune of Indian faith will resonate on the stage of Grammy album based Mahakumbh of Prayagraj gets nomination
Image Source: ANI/ File

Mahakumbh Album Nominated In Grammy: भारत की आध्यात्मिक ध्वनि अब वैश्विक मंच पर अपनी अनोखी गूंज बिखेरने जा रही है. विश्व संगीत के सबसे प्रतिष्ठित मंच 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में इस बार “राम नाम” की प्रतिध्वनि सुनाई देने वाली है.

दिल्ली के युवा म्यूजिक कंपोजर और प्रोड्यूसर सिद्धांत भाटिया ने प्रयागराज के महाकुंभ 2025 पर आधारित एक अनोखा एल्बम तैयार किया है, जिसे अब ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट किया गया है.

12 गानों में झलकती है भारतीय आध्यात्मिकता

इस एल्बम में कुल 12 गाने शामिल हैं, जो भारतीय संस्कृति, भक्ति और आस्था के रंगों से सराबोर हैं. हर गीत में राम नाम, शिव तत्व, संगम की पवित्रता और मानव समर्पण की झलक देखने को मिलती है. वीडियो में महाकुंभ के दौरान लोगों का त्याग, विश्वास और भक्ति का अद्भुत संगम दिखाया गया है, जिससे यह सिर्फ एक संगीत प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव बन गया है.

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक की आवाज़ें एक मंच पर

इस एल्बम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें भारत और विदेशों के 50 से अधिक कलाकारों ने योगदान दिया है. इनमें बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों जगत के प्रसिद्ध गायकों की आवाज़ें शामिल हैं.

यह सांस्कृतिक सहयोग भारत की आध्यात्मिक विरासत को एक वैश्विक सुर में पिरोता है, जो दिखाता है कि संगीत किसी धर्म या सीमा में बंधा नहीं, बल्कि यह आस्था और एकता का माध्यम है.

महाकुंभ 2025 को समर्पित संगीतमय श्रद्धांजलि

यह एल्बम महाकुंभ 2025 की भावना को समर्पित है, जो इस वर्ष 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में आयोजित हुआ था. इस दिव्य आयोजन में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया था. सिद्धांत भाटिया ने उसी आस्था और ऊर्जा को सुरों में ढालकर दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

आस्था की गूंज अब विश्व मंच पर

इन गीतों के वीडियो सोशल मीडिया पर पहले ही लाखों व्यूज़ हासिल कर चुके हैं, और अब ग्रैमी में नॉमिनेशन के बाद भारत का यह आध्यात्मिक संगीत प्रोजेक्ट वैश्विक पटल पर और चमकने वाला है. यह केवल एक एल्बम नहीं, बल्कि एक संदेश है कि “राम नाम की धुन अब सीमाओं से परे, पूरी दुनिया में गूंजेगी.”

क्या ग्रैमी में बजेगी ‘जय श्रीराम’ की धुन?

अब देखना दिलचस्प होगा कि यह एल्बम ग्रैमी अवॉर्ड जीतकर इतिहास रचता है या नहीं. लेकिन इतना तय है कि महाकुंभ की पवित्रता, संगीत और आस्था का संगम अब दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के दिलों में गूंजने वाला है.

यह भी पढ़ें- IPL 2026: क्या अब CSK की पीली जर्सी में नहीं दिखेंगे रवींद्र जडेजा? स्वैप डील पर चर्चा तेज, जानें पूरा मामला