अमेरिका के आसमान में टकराए दो हेलिकॉप्टर, भयंकर भिडंत से जलकर हुए खाक, देखें हादसे का VIDEO

अमेरिका के न्यू जर्सी में रविवार को एक बड़ा विमानन हादसा हो गया. यहां हवा में उड़ रहे दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Two helicopters collide in the sky of America VIDEO Viral
Image Source: Social Media

अमेरिका के न्यू जर्सी में रविवार को एक बड़ा विमानन हादसा हो गया. यहां हवा में उड़ रहे दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया. हवा में हुई इस टक्कर का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर लोग सहम गए.

यह दुर्घटना न्यू जर्सी के अटलांटिक काउंटी में स्थित हैमोंटन म्युनिसिपल एयरपोर्ट के पास हुई. अधिकारियों के अनुसार, हादसा एयरफील्ड के ऊपर उस समय हुआ जब दोनों हेलीकॉप्टर उड़ान भर रहे थे. टक्कर के बाद दोनों हेलीकॉप्टर नियंत्रण खो बैठे और नीचे गिर गए. वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि टकराने के बाद हेलीकॉप्टर तेजी से नीचे गिरते हैं और फिर जमीन पर गिरते ही आग और घना काला धुआं उठने लगता है.

रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, हैमोंटन पुलिस प्रमुख केविन फ्रील ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड की टीमों ने हेलीकॉप्टर में लगी आग पर काबू पाया.

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की है कि हादसे में शामिल हेलीकॉप्टर एनस्ट्रॉम F-28A और एनस्ट्रॉम 280C मॉडल के थे. दोनों हेलीकॉप्टरों में केवल पायलट ही सवार थे. टक्कर के बाद एक पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हादसे की जांच शुरू

पुलिस प्रमुख केविन फ्रील ने बताया कि इस दुर्घटना की जांच FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) मिलकर करेंगे. विमानन सुरक्षा से जुड़े पूर्व जांचकर्ता एलन डीहल ने कहा कि जांच के दौरान सबसे पहले यह देखा जाएगा कि दोनों पायलटों के बीच किसी तरह का रेडियो संवाद हुआ था या नहीं. इसके अलावा यह भी जांच की जाएगी कि क्या दोनों पायलट एक-दूसरे को समय रहते देख पाए थे.

डीहल के मुताबिक, हवा में होने वाली इस तरह की टक्करों की मुख्य वजह अक्सर “देखने और बचने में विफलता” होती है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया डरावना मंजर

दुर्घटना स्थल के पास एक कैफे के मालिक सैल सिलिपिनो ने बताया कि दोनों पायलट उनके रेस्टोरेंट में अक्सर आते थे. उन्होंने कहा कि उन्होंने और वहां मौजूद अन्य ग्राहकों ने हेलीकॉप्टरों को उड़ान भरते देखा था. कुछ ही सेकंड बाद एक हेलीकॉप्टर हवा में घूमने लगा और फिर दूसरा भी तेजी से नीचे गिर गया.

वहीं, हैमोंटन के रहने वाले डैन डेमेशेक ने स्थानीय चैनल NBC10 को बताया कि वह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी उन्होंने जोरदार आवाज सुनी. उन्होंने देखा कि दोनों हेलीकॉप्टर हवा में बेकाबू होकर घूम रहे थे. पहले हेलीकॉप्टर का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह पलटते हुए नीचे गिरने लगा. इसके बाद दूसरे हेलीकॉप्टर से भी कुछ टूटने जैसी आवाज आई और वह भी जमीन की ओर गिर गया.

ये भी पढ़ें- रूस-यूक्रेन जंग खत्म! ट्रंप-जेलेंस्की की मीटिंग में 95 फीसदी मुद्दों पर सहमति, कहां फंसा पेंच?