Vaibhav Suryavanshi: भारतीय अंडर-19 टीम के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ महीनों में अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने छोटे मुकाबलों में धमाकेदार प्रदर्शन किया है, लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या वह बड़ी टीमों के सामने भी अपना वजूद साबित कर पाएंगे.
दुबई में हुए अंडर-19 एशिया कप 2025 में वैभव ने पांच मैच खेले. शुरुआती मुकाबलों में उनका बल्ला गरजता रहा. यूएई के खिलाफ 171 रन की जोरदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 95 गेंदों का सामना किया और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भी हाफ सेंचुरी ठोक दी.
लेकिन जैसे ही उनके सामने श्रीलंका और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमें आईं, वैभव बल्ले से नाकाम रहे. पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भारतीय टीम को शुरुआती झटके लगे थे, लेकिन वैभव को 25 रन पर मिली शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके. छह गेंदों पर 24 रन बनाने के बाद उन्होंने जल्द ही विकेट गंवा दिया, जिससे टीम की बैटिंग लड़खड़ा गई और ट्रॉफी हाथ से निकल गई.
कोच का भरोसा टूटा, अनुभव की जरूरत
वैभव ने अंडर-19 टीम के कोच मनीष ओझा का भी भरोसा कुछ हद तक तोड़ा. कोच को उम्मीद थी कि वैभव बड़ी टीमों के खिलाफ भी अपना दम दिखाकर टीम को जीत दिलाएंगे. लेकिन बड़े मुकाबलों में हड़बड़ी और कुछ गलत निर्णयों ने युवा खिलाड़ी की असफलता को उजागर किया.
वैभव को यह समझना होगा कि अच्छी शुरुआत के बाद संयम और सही निर्णय ही बड़ी जीत दिला सकते हैं. जैसे-जैसे उनका अनुभव बढ़ेगा, वह न सिर्फ छोटी टीमों के खिलाफ बल्कि मजबूत टीमों के सामने भी बल्लेबाजी में परिपक्व होंगे.
अनुभव से बनेगा वैभव का असली क्रिकेटर
वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा पर कोई सवाल नहीं उठा सकता. उनकी क्षमता है कि वह भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिला सकते हैं. लेकिन अब उनकी असली परीक्षा बड़ी टीमों के खिलाफ प्रदर्शन है. अगले मैचों में अगर वैभव अपने अनुभव का सही इस्तेमाल करते हैं, संयम बनाए रखते हैं और रणनीति के मुताबिक खेलते हैं, तो वह टीम के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकते हैं.
अंडर-19 क्रिकेट में अभी उनका करियर लंबा है, और ये असफलताएं उन्हें और मजबूत बनाने वाली हैं. फैंस की नजरें अब इस युवा ओपनर पर टिकी हैं कि वह अपनी प्रतिभा को बड़े मैचों में भी किस तरह साबित करता है.
यह भी पढ़ें- हो जाएं सतर्क! नए साल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी ये भविष्यवाणी, जो बढ़ा सकती है इंटरनेशल लेवल पर टेंशन