U19 Asia Cup: अंडर-19 एशिया कप 2025 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है. शुक्रवार को टूर्नामेंट को उसकी दोनों फाइनलिस्ट टीमें मिल जाएंगी. 19 दिसंबर को टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. पहले सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच टक्कर देखने को मिलेगी. ऐसे में यह संभावना भी बन रही है कि खिताबी मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा सकता है.
अंडर-19 एशिया कप 2025 में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया था, जिन्हें चार-चार टीमों के दो ग्रुप में बांटा गया था. भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया था. आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया और अपने तीनों मुकाबले जीतकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया. पाकिस्तान ने भी अच्छा खेल दिखाया और तीन में से दो मैच जीतकर ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल किया.
ग्रुप बी से श्रीलंका और बांग्लादेश ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. दोनों टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई.
भारत बनाम श्रीलंका सेमीफाइनल का शेड्यूल
अंडर-19 एशिया कप 2025 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार, 19 दिसंबर को खेला जाएगा. यह मैच दुबई स्थित आईसीसी क्रिकेट एकेडमी में आयोजित होगा. मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे होगी. दोनों टीमें इस मैच को जीतकर फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी.
टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भी शुक्रवार, 19 दिसंबर को ही खेला जाएगा. इस मैच में बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला दुबई के द सेवेंस स्टेडियम में खेला जाएगा और इसकी शुरुआत भी भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे होगी.
कहां देखें अंडर-19 एशिया कप सेमीफाइनल लाइव
अंडर-19 एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबलों का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा. टीवी दर्शक सोनी स्पोर्ट्स चैनल पर मैच का सीधा प्रसारण देख सकते हैं. वहीं मोबाइल या लैपटॉप पर मैच देखने के लिए सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी. शुक्रवार को खेले जाने वाले दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें रविवार, 21 दिसंबर को फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी.
भारत का अंडर-19 स्क्वाड
आयुष म्हात्रे (कप्तान), राहुल कुमार, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, युवराज गोहिल, आरोन वर्गीज, बी. के. किशोर, दीपेश देवेन्द्रन, हेनिल पटेल, जेगनाथन हेमकुदेष्ण, खिलन पटेल, किशन कुमार सिंह, अभिगयन अभिषेक (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया (विकेटकीपर), आदित्य रावत, कनिष्क चौहान, नमन पुष्पक, उद्धव मनीष मोहन.
ये भी पढ़ें- एयरपोर्ट पर जवान ने MS Dhoni के लिए तोड़ा सिक्योरिटी प्रोटोकॉल, उड़ाई नियमों की धज्जियां, देखें VIDEO