ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर में ट्रेन में चाकूबाजी से हड़कंप, दो संदिग्ध गिरफ्तार; कई यात्री घायल

ब्रिटेन के शांत माने जाने वाले कैम्ब्रिजशायर इलाके में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्रेन के अंदर अचानक चाकूबाजी की घटना हो गई. तेज चीख-पुकार और भगदड़ के बीच यात्री डर के साए में आ गए.

UK train stabbing Huntingdon train attack Cambridgeshire stabbing incident
Image Source: Social Media

ब्रिटेन के शांत माने जाने वाले कैम्ब्रिजशायर इलाके में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्रेन के अंदर अचानक चाकूबाजी की घटना हो गई. तेज चीख-पुकार और भगदड़ के बीच यात्री डर के साए में आ गए. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन को हंटिंगडन स्टेशन पर रोक लिया और दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. इस हमले में घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजकर 39 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि कैम्ब्रिजशायर क्षेत्र से गुजर रही एक ट्रेन में यात्रियों पर चाकू से हमला किया गया है. यह खबर मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. जैसे ही ट्रेन हंटिंगडन के नजदीक पहुंची, हथियारबंद पुलिस अधिकारी ट्रेन में सवार हुए और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने बताया कि दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घायल यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई.

संयुक्त जांच में जुटी पुलिस एजेंसियां

कैम्ब्रिजशायर कांस्टेबुलरी और ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस (BTP) इस मामले की संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं. अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इस हमले के पीछे की मंशा क्या थी — यह कोई आपसी विवाद था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा. पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी ने घटना को अपनी आंखों से देखा हो या मोबाइल में उसका वीडियो या फोटो रिकॉर्ड किया हो, तो वह जांच में मदद करें. साथ ही लोगों से कहा गया है कि किसी भी तरह की अफवाहों या अटकलों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक अपडेट का इंतजार करें.

प्रधानमंत्री और गृह सचिव ने दी प्रतिक्रिया

घटना पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, कि हंटिंगडन के पास ट्रेन में हुआ यह हमला बेहद दुखद और चिंताजनक है. मेरी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. मैं आपातकालीन सेवाओं की तत्परता के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं और क्षेत्र के लोगों से अपील करता हूं कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें. 

वहीं, यूके की गृह सचिव शबाना महमूद ने भी घटना को ‘दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक’ बताया. उन्होंने कहा कि वे लगातार स्थिति की जानकारी ले रही हैं. यह एक दुखद घटना है. दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरी मुस्तैदी से जांच में जुटी है. ऐसे समय में किसी भी तरह की अटकलों या गलत सूचनाओं से बचना बेहद जरूरी है.

ट्रेन सेवाएं बाधित, यात्रियों को हुई दिक्कत

हमले के बाद ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिससे कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटा रही है. फिलहाल घायलों की सही संख्या या उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे नई जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे भयभीत न हों और अफवाहों से दूर रहें. सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि रेलवे नेटवर्क पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ेंः ट्रंप ने नाइजीरिया को चेतावनी दी...डेमोक्रेट्स पर वार और शी जिनपिंग के साथ बैठक की सराहना