UP News: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का नाम बदलने का अनुरोध किया है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि यह नाम गुलामी का प्रतीक है. उन्होंने आंवला नगर के रेलवे स्टेशन तिराहे के निकट वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, "मैं यहां आ रही थी तो रास्ते में शाहजहांपुर नाम का जिला दिखा. शाहजहांपुर नाम अच्छा नहीं लगता. योगी जी से अनुरोध है कि इसका कोई नया नाम रखें."
"लोधी समाज ने भाजपा को मंच दिया"
उमा भारती ने कहा कि, 'गुलामी के दौर की याद दिलाने वाले किसी व्यक्ति के नाम पर जिले का नाम रहे, यह अच्छा नहीं है. मैं दोबारा यह नाम सुनना भी नहीं चाहती.' उन्होंने लोधी समाज के इतिहास का वर्णन करते हुए कहा कि भाजपा ने लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री दिए हैं. उन्होंने कहा कि, "लोधी समाज पहला समाज था जिसने भाजपा को 'प्लेटफार्म' दिया, इससे पहले भाजपा की छवि पिछड़ों के हितैषी की नहीं थी. उन्होंने कहा कि लोधी समाज ने भाजपा को मंच दिया जिसकी वजह से पार्टी अपना विस्तार कर सकी." भारती ने कहा कि, "भाजपा ने लोधी समाज का मान रखा तो लोधियों ने भाजपा की इज्जत की."
"लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री दिए"
उन्होंने कहा कि, "लोधियों को न चापलूसी आती है और न साजिश रचनी आती है." उन्होंने कहा कि, "भाजपा ने लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री (उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह और उमा भारती) दिए हैं. भारती ने कहा कि 'कल्याण सिंह बब्बर शेर थे, जिन्होंने राम भक्तों की रक्षा की, अपनी सत्ता की चिंता नहीं की."
उमा भारती ने की पूर्व CM कल्याण सिंह की सराहना
भारती ने राम मंदिर आंदोलन का भी जिक्र किया और कहा कि बाबरी ढांचा 'राष्ट्रीय अपमान का मुद्दा' था और इसके विध्वंस और उसके बाद मंदिर के निर्माण ने राष्ट्रीय गौरव को पुनर्स्थापित किया. उन्होंने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की सराहना करते हुए उन्हें राम भक्तों की रक्षा करने वाला 'शेर' बताया. मथुरा और वाराणसी में मंदिर स्थलों के बारे में उन्होंने कहा, "हमें अपने देवताओं के जन्मस्थान के प्रमाण देने के लिए कहा गया है, जबकि वेटिकन सिटी दुनिया भर के ईसाइयों का प्रमुख धार्मिक स्थल है," और कहा कि हिंदू अदालत के आदेशों का पालन करेंगे.
ये भी पढ़ें: यूपी की राजनीति में हलचल तेज! पूजा पाल ने सीएम योगी से किया मुलाकात, जानें कैसे बदलेगा प्रदेश का समीकरण