यूपी: बागपत में खौफनाक वारदात, इमाम की पत्नी और दो बेटियों की निर्मम हत्या, ट्रिपल मर्डर से मचा हड़कंप

Baghpat Crime News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दोघट थाना क्षेत्र के गांगनौली गांव में एक इमाम की पत्नी और उसकी दो मासूम बच्चियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई.

Unknown assailants kill woman and her two daughters in Baghpat
Image Source: Freepik

Baghpat Crime News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दोघट थाना क्षेत्र के गांगनौली गांव में एक इमाम की पत्नी और उसकी दो मासूम बच्चियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैला दी है.

खून से लथपथ मिले शव

घटना शनिवार दोपहर की है, जब बड़ी मस्जिद के परिसर में रहने वाले इमाम इब्राहिम की 30 वर्षीय पत्नी इसराना और उनकी दो बेटियां 5 साल की सोफिया और 2 साल की सुमैया अपने ही घर में मृत पाई गईं. तीनों के शव खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे.

देवबंद गया था पति, पीछे हुआ हृदयविदारक कांड

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त इमाम इब्राहिम किसी कार्य से देवबंद गए हुए थे. दोपहर करीब तीन बजे जब गांव के बच्चे रोज की तरह मस्जिद में पढ़ने पहुंचे, तब घर के अंदर खौफनाक मंजर देखा. तीनों के शव देख गांव वाले सन्न रह गए और तत्काल पुलिस को खबर दी.

पुलिस जांच में सामने आया कि इसराना का शव फर्श पर मिला, जबकि दोनों बच्चियां खून से लथपथ चारपाई पर पड़ी थीं. प्रारंभिक जांच में गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है. मौके पर पहुंचे एसपी सूरज कुमार राय, एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ विजय कुमार ने पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की.

पुलिस और ग्रामीणों में हुई तीखी नोकझोंक

पुलिस जब शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया. आक्रोशित लोगों ने मौके पर हंगामा किया और पुलिस से नोकझोंक हुई. काफी मशक्कत के बाद शवों को कब्जे में लिया जा सका. माहौल की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी कलानिधि नैथानी भी मौके पर पहुंचे और जांच टीमों को हत्या का खुलासा जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए.

कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

मृतक परिवार की पृष्ठभूमि की बात करें तो इमाम इब्राहिम मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के सुन्ना गांव के रहने वाले हैं और पिछले चार वर्षों से गांगनौली गांव की बड़ी मस्जिद में सेवा दे रहे थे. उनकी पत्नी इसराना मस्जिद परिसर में बच्चों को पढ़ाती थीं. पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों की तह तक जाने के लिए पारिवारिक विवाद, रंजिश या अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: एक फीट जमीन के लिए युवक को उतारा मौत के घाट; मां-बाप, भाई-बहन ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम