Who Is Pankaj Chaudhary: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. शनिवार को जब उनका नाम एकमात्र नामांकन के रूप में सामने आया, तो औपचारिक प्रक्रिया के तहत पहले ही उनके नाम पर मुहर लग गई थी. इसके बाद रविवार, 14 दिसंबर 2025 को लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई.
बीजेपी ने पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुनकर संगठन में रणनीतिक बदलाव करने का प्रयास किया है. उन्हें ओबीसी समाज का मजबूत चेहरा माना जाता है, और पार्टी ने उनके नेतृत्व में पीडीए जैसे राजनीतिक समीकरणों पर बेहतर पकड़ बनाने का लक्ष्य रखा है. केंद्रीय नेतृत्व में उनकी विश्वसनीयता अत्यधिक मानी जाती है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह उन्हें संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल के लिए प्रमुख नेता मानते हैं.
आज लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में संपन्न भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश संगठन पर्व के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य निर्वाचन समारोह में मुझे भाजपा उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुनने… pic.twitter.com/RGDttpoSC2
— Pankaj Chaudhary (@mppchaudhary) December 14, 2025
पंकज चौधरी का प्रारंभिक जीवन और शिक्षा
पंकज चौधरी का जन्म 20 नवंबर 1964 को गोरखपुर के घंटाघर हरबंश गली में एक औद्योगिक परिवार में हुआ. उनके पिता भगवती चौधरी एक जाने-माने उद्योगपति हैं और मां उज्ज्वल चौधरी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं. परिवार में छोटे बेटे के रूप में जन्मे पंकज चौधरी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एम पी इंटर कॉलेज से पूरी की और इसके बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की.
राजनीतिक सफर की शुरुआत पंकज ने अपने शहर गोरखपुर में की. उन्होंने नगर निगम गोरखपुर में पार्षद के रूप में सेवा देना शुरू किया और बाद में डिप्टी मेयर का पद संभाला. इसके बाद महाराजगंज जिला पंचायत में उन्होंने अपने राजनीतिक कौशल का लोहा मनवाया और अपनी पकड़ मजबूत की.
राजनीतिक करियर और लोकसभा सफर
पंकज चौधरी ने 1989 में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्य समिति में शामिल होकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा. उनका लोकसभा सफर 10वीं लोकसभा (1991) से शुरू हुआ, जब उन्हें महराजगंज संसदीय सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद चुना गया. इसके बाद उन्होंने लगातार कई बार लोकसभा में अपनी जीत दर्ज की.
11वीं और 12वीं लोकसभा (1996 और 1998) में भी वे सांसद बने. हालांकि 1999 में सपा के उम्मीदवार अखिलेश यादव से उन्हें हार मिली, लेकिन 2004 में उन्होंने फिर से अपने क्षेत्र से जीत हासिल की. 2009 में कांग्रेस के स्वर्गीय हर्षवर्धन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा.
साल 2014 में मोदी लहर के दौरान पंकज चौधरी फिर से सांसद बने और तब से लगातार लोकसभा सदस्य बने हुए हैं. उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री का पद भी मिला, और 2024 में हुए चुनाव में उन्होंने जीत हासिल कर मंत्री पद बरकरार रखा.
संगठनात्मक और राजनीतिक महत्व
पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश में भाजपा का मजबूत और प्रभावशाली चेहरा माना जाता है. ओबीसी समुदाय से आने के कारण उन्हें पार्टी में सामाजिक और राजनीतिक समीकरण मजबूत करने के लिए चुना गया. उनके नेतृत्व में पार्टी का उद्देश्य राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करना और विरोधी दलों की राजनीति पर प्रभाव डालना है.
केंद्रीय नेतृत्व के लिए पंकज चौधरी केवल एक सांसद या मंत्री नहीं हैं, बल्कि पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और रणनीति में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है. उनकी राजनीतिक समझ, संगठन कौशल और जनता के साथ संवाद क्षमता उन्हें प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए उपयुक्त बनाती हैं.
यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया में यहूदी त्योहार के दौरान अंधाधुंध फायरिंग, 10 की मौत; मौके पर 2000 लोग थे मौजूद