यूपी में कुदरत का कहर... 74 लोगों की मौत, आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही, जानें अब कैसा रहेगा मौसम

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में बुधवार को अचानक आई भीषण आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों की जिंदगी को हिला कर रख दिया. कई जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टीन शेड उड़ने जैसी घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है.

UP Storm 74 Dead Hundreds Injured Yellow Alert Issued
AI Generated

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में बुधवार को अचानक आई भीषण आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों की जिंदगी को हिला कर रख दिया. कई जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टीन शेड उड़ने जैसी घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं. मौसम विभाग ने 38 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर सावधानी बरतने को कहा है.

तेज हवाओं ने मचाई भारी तबाही

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती सिस्टम और दक्षिण राजस्थान से आ रही पूरवा हवाओं के प्रभाव से बुधवार को कई स्थानों पर 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. दोपहर ढाई बजे के आसपास उन्नाव और प्रयागराज में भारी बारिश और ओले गिरे. तेज हवाओं ने पेड़ उखाड़ दिए, टीन शेड उड़ गए और साइन बोर्ड गिर गए. उन्नाव में एक बड़ा पेड़ सड़क पर खड़ी कार पर गिर गया. प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़ और बांदा में आंधी की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई.

सबसे ज्यादा प्रभावित जिले

प्रदेश के कई जिलों में जनहानि हुई. भदोही में 10, प्रयागराज में 17, फतेहपुर में 8, उन्नाव में 7, बदायूं में 6, बरेली में 4, सीतापुर में 2 और रायबरेली में 1 मौत दर्ज की गई. इसके अलावा हरदोई, झांसी, कानपुर देहात, संभल और प्रतापगढ़ में भी लोगों की जान गई. अब तक कुल 63 मौतों की पुष्टि हो चुकी है.

प्रयागराज में 17 मौतें

प्रयागराज जिले में सदर तहसील में 1, हंडिया में 7, फूलपुर में 4, सोरांव में 3 और मेजा में 2 लोगों की मौत हुई. मृतकों में पांच महिलाएं, चार बच्चे और आठ पुरुष शामिल हैं. इसके अलावा पांच अन्य लोग घायल हुए हैं. जिले में कुल 20 पशु हानि और 16 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं.

उन्नाव में मासूम समेत सात लोगों की मौत

उन्नाव में आंधी और बारिश के दौरान अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की जान चली गई. दही थाना क्षेत्र में आम का पेड़ गिरने से 70 वर्षीय किसान राम आश्रय की मौत हो गई. आसीवन थाना क्षेत्र में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से 9 वर्षीय अंश की जान चली गई. दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है.

बिजली व्यवस्था और यातायात प्रभावित

तेज तूफान के कारण सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए. कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित रही और सड़क मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ. कई स्थानों पर कारों और मकानों को भी नुकसान पहुंचा.

38 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़ और बांदा समेत 38 जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए भारी बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है.

गर्मी में फिर बढ़ोतरी

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले एक-दो दिन मौसम बदला रहेगा. इसके बाद 15 मई से तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है और कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.

राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए हैं.

ये भी पढ़ें: भारत के लिए राहत भरी खबर, होर्मुज पार कर सुरक्षित आगे बढ़ा LPG टैंकर MV Sunshine; नौसेना ने संभाली सुरक्षा