UP Weather Update: घने कोहरे के कारण UP में रेड अलर्ट, बिहार में भी मौसम का कहर; पढ़ें अपडेट

UP Weather Update: उत्तर भारत में सर्दी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पंजाब तक घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है.

UP Weather Update Red Alert in many areas imd updated
Image Source: ANI

UP Weather Update: उत्तर भारत में सर्दी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पंजाब तक घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. सुबह होते ही सड़कें धुंध की मोटी परत में लिपट जाती हैं, जिससे रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. हाईवे, एक्सप्रेसवे और शहरों की मुख्य सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने कोहरे के साथ शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी कर दी है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ने वाली है.


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया है कि 19 और 20 दिसंबर को पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है. वहीं, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी सुबह के समय घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि दृश्यता में अचानक कमी आ सकती है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, हेडलाइट और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है.

यूपी और हरियाणा में सुबह-सुबह बिगड़ सकते हैं हालात

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 19 से 21 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सुबह के समय घना से बेहद घना कोहरा छाए रहने की आशंका है. इसी अवधि में पंजाब, उत्तराखंड और बिहार के कई हिस्सों में भी कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा. इसके बाद भी अगले कुछ दिनों तक हालात में खास सुधार की उम्मीद नहीं है. कोहरे की वजह से न सिर्फ सड़क यातायात बल्कि रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है. ट्रेनों की रफ्तार घट सकती है और उड़ानों में देरी या रद्द होने की स्थिति बन सकती है.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने बेहद घने कोहरे को लेकर कई जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है. इनमें कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर और देहात, अंबेडकर नगर, आगरा, इटावा, औरैया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के इलाके शामिल हैं. इन क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम रहने की चेतावनी दी गई है.

दिल्ली में दर्ज हुआ सीजन का सबसे ठंडा दिन

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को इस सर्दी का अब तक का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया. अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम होकर 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी के मुताबिक इससे पहले चार दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा था. नवंबर में तीसरा सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया था, जब तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था. अगर पिछले वर्षों से तुलना करें तो दिसंबर 2024 में सबसे कम अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था. वहीं, 31 दिसंबर 2023 को 15.9 डिग्री, 26 दिसंबर 2022 को 15.6 डिग्री और 26 दिसंबर 2021 को 18 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था. गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक, करीब 9 डिग्री सेल्सियस रहा.

शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट, कोहरा रहेगा बरकरार

मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है. दिन का अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह आंशिक बादल छाए रहेंगे, कई इलाकों में मध्यम तो कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है. शाम और रात के समय हल्का या धुंध भरा कोहरा बने रहने की आशंका है. वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, सतही हवाएं धीमी रहेंगी, जिससे कोहरे और प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो सकती है.

यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: दिल्ली में येलो अलर्ट... रद्द हुईं 21 फ्लाइट, पढ़ें आज के मौसम का हाल