SBI Bank Rules: अगर आप State Bank of India (एसबीआई) के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट है. 1 मई 2026 से एसबीआई के कुछ क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं. इन बदलावों का असर आपके खर्च, फीस और लेट पेमेंट चार्ज पर पड़ सकता है.
मई में क्यों होते हैं ऐसे बदलाव
हर साल मई के महीने में बैंकिंग और फाइनेंशियल नियमों में कई बदलाव किए जाते हैं. इस बार भी क्रेडिट कार्ड से जुड़े कुछ नियम अपडेट किए जा रहे हैं, ताकि सिस्टम को और बेहतर और पारदर्शी बनाया जा सके.
एनुअल फीस में बदलाव
नए नियमों के मुताबिक, अब एसबीआई अपने कुछ कार्ड्स पर एनुअल फीस को लेकर नई शर्त लागू कर रहा है. खासतौर पर SBI BPCL Credit Card के यूजर्स के लिए यह बदलाव अहम है.
अब अगर कोई ग्राहक सालभर में 1 लाख रुपये या उससे ज्यादा खर्च करता है, तो उसकी एनुअल फीस माफ कर दी जाएगी. लेकिन अगर खर्च 1 लाख रुपये से कम रहता है, तो उसे सालाना फीस भरनी होगी. यह बदलाव उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो कार्ड का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि उन्हें फीस से राहत मिल सकती है.
लेट पेमेंट चार्ज में बदलाव
लेट पेमेंट को लेकर भी नए नियम लागू किए जा रहे हैं. पहले 500 रुपये तक के बकाया पर कोई चार्ज नहीं लगता था, लेकिन अब यह सीमा घटाकर 100 रुपये कर दी गई है. इसका मतलब है कि अगर आपका बकाया 100 रुपये से ज्यादा है और समय पर पेमेंट नहीं करते, तो अब आपको चार्ज देना पड़ सकता है.
छोटे बकाया पर ज्यादा शुल्क
500 रुपये से 1000 रुपये तक के बकाया पर अब पहले से ज्यादा चार्ज देना होगा. पहले इस स्लैब में 400 रुपये फीस लगती थी, जिसे बढ़ाकर अब 500 रुपये कर दिया गया है. वहीं, अगर आपका बकाया 50,000 रुपये से ज्यादा है, तो उस पर 1300 रुपये का चार्ज लागू रहेगा. इस बड़े स्लैब में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.
क्या रखें ध्यान
इन बदलावों के बाद कार्ड यूजर्स को अपने खर्च और पेमेंट पर ज्यादा ध्यान देना होगा. समय पर बिल भरना अब और जरूरी हो गया है, क्योंकि छोटी रकम पर भी चार्ज लग सकता है. साथ ही, अगर आप एनुअल फीस से बचना चाहते हैं, तो सालभर में तय लिमिट तक खर्च करना जरूरी होगा.
ये भी पढ़ें- जबलपुर में दर्दनाक हादसा, बरगी डैम में टूरिस्टों से भरा क्रूज डूबने से 4 की मौत; कई लोगों की तलाश जारी