नोएडा में फिर शुरू हुआ हंगामा, फैक्‍ट्री मजदूरों ने पुलिस पर किया पथराव, बसें और गाड़ियां तोड़ीं

नोएडा में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं. मंगलवार सुबह भी कई इलाकों में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया, जिससे शहर में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया.

Uproar started again in Noida factory workers pelted stones at police
Image Source: ANI

Noida Protest: नोएडा में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं. मंगलवार सुबह भी कई इलाकों में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया, जिससे शहर में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया.

सेक्टर-121 में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की गई.

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई बसों और अन्य वाहनों को निशाना बनाया और उनके शीशे तोड़ दिए. इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद अतिरिक्त बल तैनात किया गया.

सेक्टर-80 और सेक्टर-70 में भी टकराव

सेक्टर-80 में भी पत्थरबाजी की घटना सामने आई, जहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया.

वहीं, सेक्टर-70 में भी मजदूर सड़कों पर उतर आए. यहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना हुआ, लेकिन समय रहते पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया और लोगों को शांत कराया.

सेक्टर-63 में फैक्ट्री के बाहर जुटी भीड़

मंगलवार को सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में मजदूर इकट्ठा हो गए. दरअसल, फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस जारी किया गया था.

इसके बावजूद कर्मचारी अपनी हाजिरी लगाने पहुंचे, क्योंकि उन्हें डर था कि अगर उन्होंने उपस्थिति दर्ज नहीं कराई तो उनका वेतन कट सकता है. इसी आशंका के चलते बड़ी संख्या में श्रमिक फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए.

स्थिति को देखते हुए पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंची और मजदूरों को समझाकर वापस भेजा गया. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वेतन को लेकर किसी को नुकसान नहीं होगा और उनकी मांगों पर ध्यान दिया जा रहा है.

प्रबंधन ने साजिश का आरोप लगाया

फैक्ट्री प्रबंधन ने इस पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित बताया है. उनका कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन किसी योजना के तहत कराया गया है और इसमें बाहरी तत्वों की भूमिका हो सकती है.

प्रबंधन ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में तथाकथित “टूलकिट” का इस्तेमाल किया गया, जिससे स्थिति को भड़काने की कोशिश की गई.

पुलिस का फ्लैग मार्च और सख्ती

सोमवार की हिंसा के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. सेक्टर-6 समेत कई इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.

शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और किसी भी जगह भीड़ जमा होने नहीं दी जा रही. जहां भी लोग इकट्ठा हो रहे हैं, वहां पुलिस तुरंत पहुंचकर उन्हें हटाने का काम कर रही है.

ये भी पढ़ें- Noida Protest: 200 लोगों की पहचान, 90 गिरफ्तार... तोड़फोड़ और आगजनी के बाद नोएडा में कैसे हैं हालात?