स्मार्टफोन खरीदते वक्त अब आपको एक और झटका लग सकता है. कुछ साल पहले कंपनियों ने फोन के साथ चार्जर देना बंद किया था, और अब एक नया चलन शुरू हो चुका है. बॉक्स से USB केबल भी हटाई जा रही है. यानी अब नया फोन खरीदने पर आपको चार्जिंग केबल भी अलग से खरीदनी पड़ सकती है.
Sony ने की पहल, अब नहीं मिलेगा केबल का साथ इस नई पहल की शुरुआत Sony ने की है. कंपनी के हाल ही में लॉन्च हुए Sony Xperia 10 VII स्मार्टफोन के साथ न तो चार्जर दिया जा रहा है और न ही USB केबल. यानी बॉक्स में केवल फोन मिलेगा. भले ही Sony स्मार्टफोन मार्केट में टॉप ब्रांड नहीं है, लेकिन उसका यह कदम आगे चलकर अन्य कंपनियों के लिए मिसाल बन सकता है. Apple पहले ही अपने कई डिवाइसेज़ जैसे AirPods के साथ चार्जिंग केबल देना बंद कर चुका है, और अब यह ट्रेंड स्मार्टफोन सेक्टर में भी तेज़ी से फैल सकता है.
क्यों हटाई जा रही हैं केबल्स?
ई-वेस्ट और पर्यावरण संरक्षण का तर्क कंपनियां इसका सबसे बड़ा कारण ई-वेस्ट में कमी बताती हैं. उनका कहना है कि ज़्यादातर लोगों के पास पहले से कई USB-C केबल होती हैं. ऐसे में हर नए डिवाइस के साथ एक और केबल देने से फालतू इलेक्ट्रॉनिक कचरा बढ़ता है.
पैकेजिंग में भी फायदा
चार्जर और केबल हटाने से फोन के बॉक्स का साइज छोटा हो जाता है, जिससे एक बार में ज़्यादा यूनिट्स को शिप किया जा सकता है. इस तरह लॉजिस्टिक्स कॉस्ट भी घटती है और कार्बन फुटप्रिंट कम होता है.
लागत में कमी, मुनाफे में बढ़ोतरी
USB केबल न देने से कंपनियों को लागत घटाने में मदद मिलती है, जबकि ग्राहक बाद में अलग से मूल्य चुकाकर केबल खरीदते हैं, जिससे कंपनियों को अतिरिक्त कमाई होती है.
ग्राहकों पर क्या होगा असर?
इस बदलाव का सीधा असर यूजर्स की जेब पर पड़ेगा. अब उन्हें केबल खरीदने के लिए अलग से पैसे खर्च करने होंगे. साथ ही उन्हें अच्छी क्वालिटी की और ब्रांडेड केबल खरीदने की सलाह दी जा रही है, ताकि डिवाइस को कोई नुकसान न हो और केबल ज्यादा समय तक टिके.
आने वाले समय में और कौन कंपनियां करेंगी ऐसा?
Apple और Sony की शुरुआत के बाद संभावना है कि अब Samsung, Xiaomi, OnePlus, Realme जैसी कंपनियां भी अपने फोन बॉक्स से चार्जिंग केबल हटाना शुरू कर सकती हैं. यह एक नया ट्रेंड बनता जा रहा है जो ग्राहक की जरूरत से ज्यादा कंपनियों की रणनीति को दिखाता है.
यह भी पढ़ें: बिग बिलियन में खरीदी का नहीं मिला मौका? फ्लिपकार्ट ले आया एक और सेल; जानें कब से होगी शुरुआत