यूपी में बढ़ती ठंड के बीच योगी सरकार का बड़ा फैसला, 1 जनवरी तक बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्कूल

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए राज्य सरकार ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है.

Uttar Pradesh All schools up to 12th will remain closed
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए राज्य सरकार ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं. यह फैसला खास तौर पर बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है.

मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार यह आदेश उत्तर प्रदेश के सभी बोर्डों पर लागू होगा. इसमें ICSE, CBSE, यूपी बोर्ड समेत अन्य सभी मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं. सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा है कि शीतलहर के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों में अधिकारी स्वयं क्षेत्र का भ्रमण करें और यह सुनिश्चित करें कि ठंड से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सही ढंग से की गई हैं. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जाएं और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो.

खुले में सोने पर सख्ती, रैन बसेरों पर विशेष ध्यान

सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए. रैन बसेरों में रहने वालों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे कंबल, गर्म पानी और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा ताकि ठंड के कारण किसी तरह की जनहानि न हो.

लखनऊ में जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

मुख्यमंत्री के आदेश के तुरंत बाद जिलों में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है. लखनऊ जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से भी आदेश जारी कर दिया गया है. इसमें कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी परिषदीय, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त और सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त स्कूल 29 दिसंबर (सोमवार) से 1 जनवरी (गुरुवार) तक बंद रहेंगे. आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए.

40 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 40 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है. सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम होने की आशंका है, जिससे खासतौर पर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को खतरा हो सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने एहतियातन स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है.

सरकार का कहना है कि ठंड के इस मौसम में बच्चों की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्कूल बंदी के आदेशों के साथ-साथ ठंड से बचाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को भी पूरी गंभीरता से लागू किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो.