Uttar Pradesh: काशी दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं की बस जौनपुर में हादसे का शिकार, चार की मौत, नौ गंभीर घायल

Jaunpur road accident: धार्मिक आस्था की यात्रा उस वक्त मातम में बदल गई, जब छत्तीसगढ़ से अयोध्या और काशी दर्शन को निकले श्रद्धालुओं की बस लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर में हादसे का शिकार हो गई.

Uttar Pradesh Bus carrying devotees to visit Kashi meets with an accident in Jaunpur four dead
Image Source: Social Media/ Screengrab

Jaunpur road accident: धार्मिक आस्था की यात्रा उस वक्त मातम में बदल गई, जब छत्तीसगढ़ से अयोध्या और काशी दर्शन को निकले श्रद्धालुओं की बस लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर में हादसे का शिकार हो गई. रविवार देर रात करीब 3 बजे हुए इस भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं से भरी बस ने पहले अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन किए और फिर काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए वाराणसी की ओर बढ़ रही थी. इसी दौरान जौनपुर के सीहीपुर इलाके में एक ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश में बस उससे जोरदार टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में बस में कोहराम मच गया. चीख-पुकार की आवाज़ें सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई.

मौत का मंजर और राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि नौ अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस ने शुरू की जांच, प्रशासन सतर्क

जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया, “चार श्रद्धालुओं की मौत हुई है और नौ घायलों का इलाज जारी है. सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ से हैं. घटना की जांच की जा रही है, दोषी की पहचान के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.”

श्रद्धालुओं की सूची और पहचान का काम जारी

प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. छत्तीसगढ़ सरकार को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है, ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

यह भी पढ़ें- झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता, एक करोड़ का इनामी माओवादी सहदेव सोरेन समेत तीन ढेर