CM Yogi Adityanath News: उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में कोडिन कफ सिरप मामले पर सरकार का पक्ष रखा और विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर कड़ी टिप्पणी की. सीएम ने इस मामले में स्पष्ट किया कि कोडिन कफ सिरप से प्रदेश में एक भी मौत नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी और उत्तर प्रदेश सरकार ने कोर्ट में इस मुद्दे को मजबूती से लड़ा तथा जीत हासिल की.
सदन में सीएम ने नेता प्रतिपक्ष के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि “इस उम्र में व्यक्ति सच बोलने का आदी होता है, लेकिन समाजवादी पार्टी उन्हें भी झूठ बोलने पर मजबूर कर देती है. समाजवादियों को ऐसा नहीं करना चाहिए और उन्हें भी सच बोलने की आदत डालनी चाहिए.” योगी ने सदन में यह भी याद दिलाया कि नेता प्रतिपक्ष लंबे समय तक स्पीकर के रूप में कार्य कर चुके हैं और उन्हें सदन की कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी है. उनका यह बयान विपक्षी दल पर सीधे कटाक्ष माना जा रहा है.
जो भी अपराधी होगा, बचने नहीं पाएगा...
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 22, 2025
आपको फातिहा पढ़ने के लायक भी नहीं छोड़ेंगे, तब तक ऐसी कार्रवाई हम कर देंगे... pic.twitter.com/UZhpP0uWbM
2016 में समाजवादी पार्टी ने जारी किया था लाइसेंस
सीएम योगी ने सदन में बताया कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े होलसेलर को एसटीएफ ने पकड़ा था, जिसका लाइसेंस 2016 में समाजवादी पार्टी ने जारी किया था. उन्होंने कहा कि देश में दो तरह के लोग होते हैं, एक जो अपने कार्यक्षेत्र में रहते हैं और दूसरा जो किसी विवाद के समय देश छोड़कर भाग जाते हैं. योगी ने तंज कसा कि जब देश में कोई चर्चा होती है, तो यह लोग इंग्लैंड चले जाते हैं, और सदन में चिल्लाने से काम नहीं बनता.
बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी, सरकार की जांच जारी
मुख्यमंत्री ने सदन में सरकार की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अब तक 79 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 225 अभियुक्त नामजद हैं. 78 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 134 फर्मों पर छापेमारी की जा चुकी है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मामले की जांच में बार-बार यही तथ्य सामने आता है कि कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी से जुड़े व्यक्ति या नेता इसमें संलिप्त पाए जाते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अवैध लेन-देन लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के खाते के माध्यम से हुआ. एसटीएफ पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है.
कोर्ट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि कोर्ट ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा चलाने के निर्देश दिए हैं. सरकार ने इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ा है और इसमें सफलता भी हासिल की है. सीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई पर भी तंज कसते हुए कहा कि समय आने पर पूरी कार्रवाई की जाएगी, और तब विपक्षी दल को चिल्लाने की कोई आवश्यकता नहीं होगी.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना पर बरस रहा कहर! BLA और BLF लड़ाकों ने रेलवे ट्रैक पर किया हमला, 9 जवानों की मौत