Ram Mandir Ayodhya: अयोध्या शुक्रवार को एक विशेष ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनेगी, जब मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम अपने परिवार और प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन के लिए आएंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं.
प्रधानमंत्री रामगुलाम सुबह 11 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे. इस दौरान पारंपरिक लोककलाओं के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी
मॉरीशस के प्रधानमंत्री के साथ उनके परिवार के सदस्य, प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, और कैबिनेट मंत्री भी भारत दौरे पर हैं. सभी मेहमानों का स्वागत भव्य तरीके से किया जाएगा.
एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का काफिला सीधे राम मंदिर परिसर के लिए रवाना होगा. वह वहां लगभग डेढ़ घंटे रुकेंगे. इस दौरान वे रामलला और राजा राम के दर्शन करेंगे. साथ ही मंदिर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे. जटायु और अंगद टीले पर भगवान शिव का भी जलाभिषेक करेंगे. इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी मंदिर परिसर में उनका स्वागत करेंगे.
यातायात व्यवस्था में होगा अस्थायी बदलाव
प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रतिबंधित रहेगा. सुरक्षा को लेकर सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहेंगी. यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
दोपहर 1 बजे रवाना होंगे आगे की यात्रा पर
श्रीराम जन्मभूमि में दर्शन-पूजन के बाद प्रधानमंत्री डॉ. रामगुलाम दोपहर 1 बजे एयरपोर्ट से अगली यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे. उनका यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है.
रामलला के दर्शन करने वाले दूसरे विदेशी प्रधानमंत्री
डॉ. रामगुलाम, रामलला के दर्शन करने वाले दूसरे विदेशी प्रधानमंत्री बनेंगे. इससे पहले 5 सितंबर को भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग तोबगे अयोध्या आए थे और उन्होंने रामलला के दर्शन किए थे.
सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
मॉरीशस के प्रधानमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी गौरव ग्रोवर ने पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की.
इस बैठक में एडीएम सिटी योगानंद पांडेय, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और अन्य जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना को झटका! उड़ान भरते ही मिराज-5 फाइटर जेट हुआ क्रैश