उत्तराखंड के स्कूलों में डिजिटल क्रांति, वर्चुअल क्लास नेटवर्क से जुड़ेंगे 840 स्कूल, CM धामी करेंगे शुभारंभ

उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए शिक्षा विभाग ने एक बड़ी पहल की है. अब प्रदेश के 840 सरकारी स्कूलों को वर्चुअल क्लास नेटवर्क से जोड़कर आधुनिक तकनीक के ज़रिये शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है.

Uttarakhand to connect 840 govt schools to virtual class network CM Dhami to inaugurate
Meta AI

देहरादून: उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए शिक्षा विभाग ने एक बड़ी पहल की है. अब प्रदेश के 840 सरकारी स्कूलों को वर्चुअल क्लास नेटवर्क से जोड़कर आधुनिक तकनीक के ज़रिये शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. इस योजना का शुभारंभ जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे. इस पहल के तहत स्मार्ट और वर्चुअल क्लासेस के माध्यम से छात्रों को नवीनतम शिक्षण सुविधाएं प्रदान की जाएंगी.

हाइब्रिड मोड में स्मार्ट क्लासेस की शुरुआत

इस योजना के तहत प्रदेश के स्कूलों में हाइब्रिड मोड से वर्चुअल और स्मार्ट क्लासेस का संचालन किया जाएगा. इसका उद्देश्य शिक्षा को और अधिक सुलभ, रोचक और प्रभावशाली बनाना है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रायपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में इस योजना का शुभारंभ करेंगे, जहां विशेष व्यवस्था की गई है.

शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है. शिक्षकों की कमी को दूर करना, स्कूलों को आधुनिक संसाधनों से लैस करना और शिक्षा के डिजिटलीकरण की दिशा में सरकार सक्रिय है. उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा के माध्यम से प्रदेश के बच्चों को उच्च स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. भविष्य में और भी स्कूलों को इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा ताकि पूरे प्रदेश में शिक्षा का स्तर समान रूप से ऊंचा हो.

लाइव वर्चुअल क्लासेस से होगा संवाद

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, रायपुर में स्थापित दो केंद्रीय स्टूडियो से वर्चुअल क्लासेस का लाइव प्रसारण होगा. इस प्रणाली में छात्रों और शिक्षकों के बीच दो-तरफा संवाद की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इससे दूर-दराज के इलाकों के छात्र भी आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ उठा सकेंगे और शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी.

प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्कूल होंगे जुड़ाव में शामिल

इस योजना के तहत उत्तराखंड के कई जिलों के सरकारी स्कूलों को वर्चुअल क्लास नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. इनमें अल्मोड़ा के 71, बागेश्वर के 29, चमोली के 68, चम्पावत के 54, देहरादून के 55, हरिद्वार के 53, नैनीताल के 64, पौड़ी के 103, पिथौरागढ़ के 80, रुद्रप्रयाग के 53, टिहरी के 120, ऊधमसिंह नगर के 51 और उत्तरकाशी के 39 विद्यालय शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: करवा चौथ पर उत्तराखंड में महिला कर्मचारियों को तोहफा, CM ने दी सार्वजनिक अवकाश की सौगात