Vaibhav Sooryavanshi Qualifier-2 Record: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने उन्हें सीधे रिकॉर्ड बुक में पहुंचा दिया. गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए इस बड़े मुकाबले में वैभव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया. वह आईपीएल ही नहीं, बल्कि किसी भी टी20 टूर्नामेंट के पावरप्ले में 500 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं.
इस रिकॉर्ड के साथ वैभव सूर्यवंशी ने डेविड वॉर्नर और एडम गिलक्रिस्ट जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिया. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इस सीजन में वह राजस्थान रॉयल्स के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं.
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान
मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम की ओर से ओपनिंग करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. वैभव ने अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बनाए और इसी दौरान उन्होंने आईपीएल इतिहास का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. मैदान पर उनकी बल्लेबाजी देखकर दर्शकों में अलग ही उत्साह देखने को मिला.
डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड टूटा
वैभव सूर्यवंशी से पहले आईपीएल के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम था. वॉर्नर ने साल 2016 के सीजन में पावरप्ले के दौरान 467 रन बनाए थे. उस समय उनका स्ट्राइक रेट 150.16 का रहा था. लेकिन वैभव ने इस रिकॉर्ड को बेहद आक्रामक अंदाज में पीछे छोड़ा. उन्होंने करीब 233.63 के शानदार स्ट्राइक रेट से पावरप्ले में 500 रन का आंकड़ा पार किया, जो अपने आप में बेहद खास उपलब्धि मानी जा रही है.
ऑरेंज कैप पर भी वैभव का कब्जा
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ रिकॉर्ड ही नहीं बना रहे, बल्कि रन बनाने के मामले में भी सबसे आगे चल रहे हैं. इस सीजन में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पहले स्थान पर बने हुए हैं. उनके सिर पर ऑरेंज कैप भी सजी हुई है और वह 700 रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं. पूरे सीजन में उनकी निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी ताकत साबित हुई है.
एक आईपीएल एडीशन में 1-6 ओवरों (पारवप्ले) में सबसे ज्यादा रन
क्वालीफायर-2 में जीतने वाली टीम पहुंचेगी फाइनल
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी. वहीं हारने वाली टीम का आईपीएल 2026 में सफर यहीं समाप्त हो जाएगा. इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी.
पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है RCB
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन की पहली फाइनलिस्ट बन चुकी है. पहले क्वालीफायर मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था. गुजरात को उस हार के बाद दूसरा मौका मिला और इसी वजह से टीम क्वालीफायर-2 में पहुंची. अब गुजरात और राजस्थान के बीच यह मुकाबला तय करेगा कि आईपीएल 2026 के फाइनल में आरसीबी का सामना किस टीम से होगा.
ये भी पढ़ें: फ्लॉप सीजन के बाद ऋषभ पंत ने छोड़ी LSG की कप्तानी, IPL 2026 खत्म होने से पहले बड़ा ऐलान