Vaibhav Suryavanshi Records: साल 2026 की शुरुआत में ही भारतीय क्रिकेट फैंस को एक नई कहानी देखने को मिली. अंडर-19 टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही मैच में न केवल अपनी टीम का नेतृत्व किया बल्कि इतिहास रचते हुए एक पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. भारत अंडर-19 और दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के बीच खेले जा रहे यूथ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में वैभव ने भले ही बल्ले से कमाल नहीं दिखाया और सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कप्तानी के मामले में उन्होंने नया इतिहास लिख दिया.
पहला मुकाबला बेनोनी में खेला गया. दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हो गए. उनके अलावा आरोन जॉर्ज ने सिर्फ 5 रन बनाए जबकि वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू 21-21 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
Strong start by India U19 🔥
— Shreya (@shreyagenai) January 3, 2026
Pangalia's classy 93 powers 300 , rain can't stop the win – 25 runs via DLS
14-year-old captain Vaibhav Suryavanshi leads the charge. Series 1-0 🇮🇳💪 #INDvSAU19 #FutureStars pic.twitter.com/LBisjco4Wc
इसके बावजूद टीम ने मध्यक्रम और निचले क्रम में शानदार प्रदर्शन किया. हरवंश पंगालिया ने 93 और आरएस अम्ब्रीश ने 65 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम का स्कोर 301 तक पहुंचाया. इस तरह भारतीय अंडर-19 टीम ने पहले मैच में अच्छी शुरुआत की और युवाओं की प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 19 साल पुराना रिकॉर्ड
कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ बल्ले से नहीं, बल्कि उम्र के मामले में भी रिकॉर्ड बनाया. 14 साल और 282 दिन की उम्र में वैभव ने यूथ वनडे में कप्तानी करते हुए पाकिस्तान के अहमद शहजाद का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. यह रिकॉर्ड पिछले दो दशकों से पाकिस्तान के नाम था.
इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट में अंतर्राष्ट्रीय अंडर-19 के किसी भी फॉर्मेट में 16 साल से कम उम्र में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उनकी कप्तानी का यह मौका तब आया जब टीम के मुख्य कप्तान आयुष म्हात्रे और उपकप्तान विहान मल्होत्रा चोटिल हो गए थे.
आगामी मुकाबले और वर्ल्ड कप की तैयारी
इस सीरीज का दूसरा मैच 5 जनवरी को और तीसरा मैच 7 जनवरी को बेनोनी में खेला जाएगा. यह सीरीज अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अभ्यास का मौका है, खासकर 15 जनवरी से शुरू होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले. वर्ल्ड कप जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा, और इसमें आयुष और विहान अपनी वापसी करेंगे.
हर फॉर्मेट में धूम मचा रहे हैं वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा सिर्फ यूथ वनडे तक सीमित नहीं है. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अपने पहले ही मैच में 190 रनों की शानदार पारी खेली थी. इस पारी के दौरान उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स का तोड़ दिया. इसके अलावा इस पारी में वैभव ने 15 छक्के लगाए, जो किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा लिस्ट ए क्रिकेट में अब तक लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं.
इसके पहले उन्होंने आईपीएल में भी अपने जलवे दिखाए. गुजरात के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक बनाने वाले वैभव ने आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक लगाया, जिसमें पहले नंबर पर क्रिस गेल हैं.
राष्ट्रीय टीम में शामिल होने पर उम्र का नियम
वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा बेहद कम उम्र में सामने आई है, लेकिन ICC के नियमों के अनुसार वे अभी तीन महीने तक नेशनल टीम में शामिल नहीं हो सकते. नियम के मुताबिक नेशनल टीम में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 15 वर्ष होनी चाहिए. इस नियम के बावजूद वैभव का प्रदर्शन उन्हें भारतीय क्रिकेट की आने वाली पीढ़ी का चमकता सितारा बनाता है.
ये भी पढ़ें- कौन हैं टीना रिझवानी, जो बनने वाली हैं सलमान खान की बहू? अलवीरा-अतुल अग्निहोत्री के बेटे से होगी शादी