फिर थमी वैष्णो देवी यात्रा, भारी बारिश और सुरक्षा कारणों से दर्शन पर ब्रेक; श्रद्धालु मायूस

Vaishno Devi Yatra: कटड़ा से माता वैष्णो देवी भवन तक जाने वाली यात्रा मार्ग पर एक बार फिर कुदरत ने ब्रेक लगा दिया है. शनिवार शाम से जारी भारी वर्षा के कारण, 18 दिन बाद रविवार को शुरू होने वाली यात्रा को एक बार फिर अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.

Vaishno Devi Yatra halted again darshan on hold due to heavy rain and security reasons
Image Source: ANI/ File

Vaishno Devi Yatra: कटड़ा से माता वैष्णो देवी भवन तक जाने वाली यात्रा मार्ग पर एक बार फिर कुदरत ने ब्रेक लगा दिया है. शनिवार शाम से जारी भारी वर्षा के कारण, 18 दिन बाद रविवार को शुरू होने वाली यात्रा को एक बार फिर अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है. श्राइन बोर्ड ने यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और मार्ग की स्थिति का आकलन करने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने की बात कही है.

शनिवार सुबह करीब 1000 श्रद्धालु कटड़ा पहुंचे थे, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ले ली और तेज बारिश ने यात्रा को फिर रोक दिया. श्रद्धालु मक्खन लाल, जो गोरखपुर से कटड़ा पहुंचे थे, ने बताया, "हम बहुत उत्साहित थे, लेकिन बारिश ने सब बिगाड़ दिया. अब शायद दर्शन के बिना ही लौटना पड़े."

26 अगस्त की घटना के बाद यात्रा पहले ही थी स्थगित

गौरतलब है कि 26 अगस्त को आद्कुंवारी मार्ग पर हुए भूस्खलन में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी. इसके बाद से यात्रा को सुरक्षा कारणों से रोका गया था. प्रशासन और श्राइन बोर्ड लगातार आपदा प्रबंधन दल के साथ मार्गों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.

रविवार को भी बारिश की चेतावनी, स्थिति संवेदनशील

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी हल्की से तेज वर्षा के आसार हैं. शाम को शुरू हुई वर्षा देर रात तक रुक-रुक कर जारी रही. बैटरी कार मार्ग और पारंपरिक मार्ग पर पत्थर गिरने और पानी भराव की सूचनाएं मिली हैं, खासकर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में.

श्राइन बोर्ड की अपील: धैर्य रखें, निर्णय मौसम के अनुसार

रात्रि लगभग 8:00 बजे, श्राइन बोर्ड ने अपने एक्स हैंडल पर यात्रा स्थगित करने की जानकारी दी. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अगर सोमवार तक मौसम में सुधार होता है, तो यात्रा फिर से शुरू की जा सकती है. लेकिन श्रद्धालुओं से अपील है कि वे अधिकारिक सूचना आने तक यात्रा की योजना स्थगित रखें.

यह भी पढ़ें- Hindi Diwas 2025: संस्कृत से जन्म और लोकल से ग्लोबल तक का सफर... जानें हिंदी भाषा के बारे में 5 रोचक तथ्य