Varun Chakaravarthy: टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुबई की गर्मी में जहां पाकिस्तान को ठंडा कर दिया, वहीं टीम के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार गेंदबाज़ी करने वाले वरुण को अब इस जीत का शानदार इनाम मिला है, वो आईसीसी टी20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर 1 गेंदबाज बन गए हैं.
पाकिस्तान के खिलाफ हुए मैच में फहीम अशरफ को अपने स्पिन जाल में फंसाकर पवेलियन भेजने वाले वरुण चक्रवर्ती ने न सिर्फ भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि आईसीसी रैंकिंग में भी इतिहास रच दिया. उन्होंने न्यूजीलैंड के जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए 733 रेटिंग पॉइंट के साथ पहला स्थान हासिल किया है. डफी अब 717 रेटिंग पॉइंट के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए हैं. गौरतलब है कि वरुण के लिए यह उनकी करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी है.
टॉप-10 में दो भारतीय गेंदबाज, पाकिस्तान नदारद
आईसीसी द्वारा जारी लेटेस्ट टी20 इंटरनेशनल गेंदबाज़ों की रैंकिंग में भारत के दो खिलाड़ी टॉप-10 में शामिल वरुण चक्रवर्ती (रैंक 1) और रवि बिश्नोई (रैंक 8) हैं. वहीं, इस लिस्ट में कोई भी पाकिस्तानी गेंदबाज शामिल नहीं है. पाकिस्तान के सुफियान मुकीम 11वें पायदान पर हैं, जबकि भारत के अक्षर पटेल 12वें स्थान पर.
टॉप गेंदबाजों की रैंकिंग पर एक नज़र:
3. अकील हुसैन (वेस्टइंडीज)-707 पॉइंट
4. एडम जम्पा (ऑस्ट्रेलिया)- 700 पॉइंट
5. आदिल राशिद (इंग्लैंड)- 696 पॉइंट
6. नुवान तुषारा (श्रीलंका)- 677 पॉइंट
7. वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका)- 664 पॉइंट
9. नाथन एलिस (ऑस्ट्रेलिया)- 658 पॉइंट
10. राशिद खान (अफगानिस्तान)- 657 पॉइंट
भारत की टीम अब एशिया कप के अपने आखिरी लीग मैच में 19 सितंबर को ओमान से भिड़ेगी. इस फॉर्म में चल रहे स्पिनर्स के साथ भारतीय टीम का मनोबल सातवें आसमान पर है और उम्मीद की जा रही है कि टीम इंडिया टूर्नामेंट को जीतकर एशिया का ताज फिर से अपने नाम करेगी.
यह भी पढ़ें- जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिली उड़ान की तारीख! 30 अक्टूबर को होगा उद्घाटन, पहले चरण में शुरू होंगी ये दो उड़ानें