शुक्रवार, 26 दिसंबर को पूरे देश में राष्ट्रीय स्तर पर वीर बाल दिवस मनाया जाएगा. इस विशेष अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण प्रतिभा और साहस का प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किया जाएगा.
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य देश के उन बच्चों को सम्मान देना है, जिन्होंने कम उम्र में ही अपने कार्यों से समाज और राष्ट्र को प्रेरित किया है.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिलेगा सम्मान
केंद्र सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने वीरता, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और खेल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. इन पुरस्कारों के माध्यम से बच्चों के प्रयासों, नवाचार और समाज के प्रति उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी जाती है.