Maduro Wife Cilia Flores: वेनेजुएला में अमेरिका द्वारा की गई अब तक की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिल रही है. इस ऑपरेशन में अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद दुनिया भर के देशों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कुछ देशों ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है, जबकि कुछ राष्ट्र अमेरिका के इस कदम के समर्थन में भी खड़े नजर आए हैं.
इस पूरी कार्रवाई में एक और नाम चर्चा के केंद्र में आ गया है, वेनेजुएला की फर्स्ट लेडी सीलिया फ्लोरेस. राष्ट्रपति मादुरो के साथ-साथ उन्हें भी अमेरिकी सैनिकों द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अमेरिका ने उन्हें क्यों निशाना बनाया.
कौन हैं वेनेजुएला की फर्स्ट लेडी सीलिया फ्लोरेस
सीलिया फ्लोरेस को वेनेजुएला में सिर्फ राष्ट्रपति की पत्नी के रूप में नहीं देखा जाता, बल्कि उन्हें सत्ता के सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक माना जाता है. वे पेशे से वकील और अनुभवी राजनेता रही हैं और लंबे समय तक देश की राजनीति के केंद्र में रही हैं.
माना जाता है कि वेनेजुएला की सत्ता व्यवस्था में उनकी भूमिका बेहद अहम रही है. खुद निकोलस मादुरो उन्हें प्यार से “फर्स्ट कॉम्बैटेंट” यानी पहली लड़ाकू कहकर संबोधित करते रहे हैं. कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार के कई बड़े फैसलों के पीछे सीलिया फ्लोरेस की रणनीतिक सोच काम करती थी.
ह्यूगो चावेज़ से लेकर सत्ता के शीर्ष तक
सीलिया फ्लोरेस का प्रभाव सिर्फ मादुरो के कार्यकाल तक सीमित नहीं रहा. साल 1994 में उन्होंने वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज़ को जेल से बाहर लाने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके बाद वे लगातार सत्ता के ऊंचे पदों पर पहुंचती चली गईं.
वे देश की नेशनल असेंबली की अध्यक्ष और अटॉर्नी जनरल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं. इसी वजह से उन्हें वेनेजुएला की राजनीति का मजबूत स्तंभ और सत्ता का असली रणनीतिकार माना जाता रहा है.
अमेरिकी सेना ने क्यों लिया हिरासत में
अमेरिका द्वारा सीलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेने के पीछे सबसे बड़ा कारण नार्को-टेररिज्म और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप बताए जा रहे हैं. अमेरिका का दावा है कि वेनेजुएला में सत्ता का इस्तेमाल कर ड्रग्स तस्करी से जुड़े नेटवर्क को संरक्षण दिया गया.
साल 2015 में सीलिया फ्लोरेस के दो सगे भतीजों को अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी DEA ने हैती से गिरफ्तार किया था. उन पर आरोप था कि वे करीब 800 किलो कोकीन अमेरिका भेजने की साजिश में शामिल थे. कोर्ट में दिए गए बयान में उन्होंने स्वीकार किया था कि इस अवैध कारोबार से मिलने वाला पैसा सीलिया फ्लोरेस की राजनीतिक ताकत को मजबूत करने के लिए इस्तेमाल किया जाना था.
मादुरो के साथ मिलीभगत के आरोप
अमेरिकी एजेंसियों का आरोप है कि सीलिया फ्लोरेस और निकोलस मादुरो ने मिलकर देश के अरबों डॉलर की संपत्ति की हेराफेरी की और उसे विदेशी खातों में छिपाया. अमेरिका के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क ड्रग्स तस्करी, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग से जुड़ा हुआ था.
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी के बयान के मुताबिक, सीलिया फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क में आपराधिक मुकदमा चलाया जाएगा. उन्हें मादुरो के कथित “ड्रग्स कार्टेल” का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है.
फर्स्ट लेडी से आरोपी तक
वेनेजुएला की राजनीति में लंबे समय तक ताकत का प्रतीक रहीं सीलिया फ्लोरेस अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर आरोपों का सामना कर रही हैं. अमेरिकी कार्रवाई के बाद यह मामला केवल एक देश तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि वैश्विक राजनीति और कूटनीति का बड़ा मुद्दा बन चुका है.
मादुरो और सीलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी ने यह साफ कर दिया है कि वेनेजुएला संकट अब सिर्फ आंतरिक राजनीतिक संघर्ष नहीं रहा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय शक्तियों के टकराव का केंद्र बन गया है. आने वाले दिनों में इस पूरे घटनाक्रम का वैश्विक राजनीति पर क्या असर पड़ेगा, इस पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है.
ये भी पढ़ें- मादुरो के खिलाफ ऑपरेशन करके अमेरिका ने ईरान को दिया बड़ा संकेत! इजरायली नेता के बयान ने मचाई हलचल