साल 2026 की शुरुआत से पहले ही दुनिया की राजनीति में उथल-पुथल तेज हो गई है. 3 जनवरी की रात वेनेजुएला की राजधानी काराकस में हुए अचानक हमलों ने न सिर्फ वहां के लोगों को झकझोर दिया, बल्कि वैश्विक मंच पर भी हलचल मचा दी. अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो व उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर दो रहस्यमयी नाम चर्चा में हैं फ्रांस के भविष्यवक्ता नास्त्रेदमस और बुल्गारिया की प्रसिद्ध भविष्यवक्ता बाबा वेंगा. दोनों की 2026 को लेकर की गई भविष्यवाणियां अब सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय बहस का केंद्र बन चुकी हैं.
यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या वेनेजुएला पर अमेरिका की यह कार्रवाई किसी बड़े वैश्विक संघर्ष की शुरुआत है? क्या 2026 को लेकर की गई डरावनी भविष्यवाणियां अब सच होती नजर आ रही हैं?
नास्त्रेदमस और 2026: तीसरे विश्व युद्ध की आशंका?
नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियों की व्याख्या करने वाले विशेषज्ञों का मानना है कि साल 2026 मानव इतिहास के सबसे खतरनाक मोड़ों में से एक हो सकता है. उनकी कथित भविष्यवाणियों के अनुसार, धर्म और राष्ट्रवाद के नाम पर दुनिया भर में हिंसा फैल सकती है. देशों के बीच टकराव इतना बढ़ सकता है कि इंसान ही इंसान का सबसे बड़ा दुश्मन बन जाएगा.नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियों में समुद्र से जुड़ी घटनाओं का भी जिक्र मिलता है. कहा जाता है कि किसी बड़े समुद्री हादसे या समुद्री युद्ध के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो सकती है. अनाज और खाद्य पदार्थों की कमी, महंगाई में बेतहाशा बढ़ोतरी और आर्थिक अस्थिरता इसके परिणाम हो सकते हैं. इन हालातों में कई सरकारें और बड़े नेता सत्ता से बाहर हो सकते हैं.
रात के अंधेरे में हमला: भविष्यवाणी और हकीकत का मेल?
वेनेजुएला में हुआ अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन भी इन भविष्यवाणियों से जोड़ा जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने काराकस पर रात के अंधेरे में एक गोपनीय सैन्य कार्रवाई की. बताया गया कि राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को उनके निजी आवास से हिरासत में लिया गया.नास्त्रेदमस की एक भविष्यवाणी में अचानक रात के समय होने वाले हमले और ‘मधुमक्खियों के झुंड’ जैसे शब्दों का उल्लेख मिलता है. विशेषज्ञों का कहना है कि इसका मतलब वास्तविक मधुमक्खियां नहीं, बल्कि सुनियोजित और गुप्त तरीके से किया गया हमला हो सकता है. इसी वजह से कई लोग वेनेजुएला की घटना को नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी से जोड़कर देख रहे हैं.
बाबा वेंगा की चेतावनी: पूर्व से उठेगी युद्ध की चिंगारी
‘बाल्कन की नास्त्रेदमस’ कही जाने वाली बाबा वेंगा की भविष्यवाणियां भी 2026 को लेकर चिंताजनक तस्वीर पेश करती हैं. उनकी भविष्यवाणी के अनुसार, पूर्वी देशों में चल रहा तनाव किसी बड़े युद्ध का रूप ले सकता है, जिसकी लपटें पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लेंगी.बाबा वेंगा ने संकेत दिए थे कि वैश्विक शक्ति संतुलन में बड़ा बदलाव होगा. इस टकराव में जान-माल का भारी नुकसान संभव है और कई देशों की राजनीतिक दिशा बदल सकती है. उनकी भविष्यवाणी में चीन, रूस और अमेरिका जैसे शक्तिशाली देशों के बीच टकराव की आशंका भी जताई गई है. ताइवान को लेकर चीन की संभावित कार्रवाई और रूस-अमेरिका के बीच सीधे संघर्ष की बात भी इन भविष्यवाणियों से जोड़ी जाती है.
क्या वेनेजुएला बना भविष्यवाणियों की शुरुआत?
हालांकि इतिहास गवाह है कि नास्त्रेदमस और बाबा वेंगा की भविष्यवाणियों की व्याख्या अलग-अलग तरीके से की जाती रही है. कई बार घटनाओं के बाद लोग भविष्यवाणियों में अर्थ खोजने लगते हैं. वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद यह बहस और तेज हो गई है कि क्या 2026 वाकई किसी बड़े युद्ध का साल बनने जा रहा है, या यह केवल संयोग और राजनीतिक तनाव का परिणाम है.फिलहाल इतना तय है कि दुनिया एक बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रही है, जहां एक छोटी सी चिंगारी भी बड़े टकराव का कारण बन सकती है. भविष्यवाणियां सच हों या न हों, लेकिन मौजूदा हालात यह जरूर संकेत दे रहे हैं कि वैश्विक शांति के लिए आने वाले साल बेहद अहम होने वाले हैं.
यह भी पढ़ें: Maduro Arrest: क्या किसी भी देश के 'हेड ऑफ स्टेट' को गिरफ्तार कर सकता है US, क्या है इंटरनेशनल कानून?