Govardhan Asrani Dies: दिवाली की रौशनी भले ही चारों ओर फैली हो, लेकिन बॉलीवुड की एक रोशनी अब हमेशा के लिए बुझ गई है. कॉमेडी के सम्राट, लाखों चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले असरानी अब हमारे बीच नहीं रहे. 84 साल की उम्र में, सोमवार 20 अक्टूबर की शाम उन्होंने मुंबई के आरोग्य निधि अस्पताल में अंतिम सांस ली.
बीते कुछ दिनों से वो फेफड़ों की तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती थे, लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. उनके निधन की जानकारी उनके मैनेजर बाबुभाई थीबा ने दी. उन्होंने बताया कि असरानी जी की तबीयत कई दिनों से नाज़ुक थी और वह लगातार इलाज के दौर से गुजर रहे थे.
Actor-director Govardhan Asrani, popularly known as 'Asrani' passed away in Mumbai today after a prolonged illness. His last rites were performed at Santacruz Crematorium.
— ANI (@ANI) October 20, 2025
Pictures from the Crematorium where his family gathered for the last rites. pic.twitter.com/hDzUTmRI7l
जिसने हंसाया, वो अब रुलाकर चला गया...
गोवर्धन असरानी, एक ऐसा नाम, जो हिंदी सिनेमा के हर दौर का हिस्सा रहा. कभी वो एक सीधे-सादे दोस्त के रोल में दिखे, कभी पुलिस इंस्पेक्टर के तौर पर तो कभी शरारती कॉमिक विलेन बनकर पर्दे पर छा गए. उनकी खासियत ये थी कि वो महज एक सीन में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा जाते थे. ‘अंग्रेजों के ज़माने के जेलर’ वाली शोले की उनकी आइकॉनिक परफॉर्मेंस भला कौन भूल सकता है?
यहां से शुरू हुआ था फिल्मी सफर
असरानी का जन्म 1 जनवरी 1941 को जयपुर, राजस्थान में हुआ था. उन्होंने सेंट जेवियर्स स्कूल, जयपुर से पढ़ाई की और राजस्थान कॉलेज से ग्रैजुएशन किया. लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही लिखा था, साल 1967 में ‘हरे कांच की चूड़ियां’ नामक फिल्म से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. करीब 300 से ज़्यादा फिल्मों में उन्होंने अभिनय किया और हर किरदार को खास बना दिया.
एक अभिनेता नहीं, एक युग थे असरानी
असरानी केवल कॉमेडी तक सीमित नहीं रहे. उन्होंने गंभीर भूमिकाएं भी निभाईं, सामाजिक संदेश देने वाली फिल्मों में काम किया और हर बार साबित किया कि वो अभिनय के कितने बड़े खिलाड़ी हैं.
राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन से लेकर गोविंदा और सलमान खान तक, असरानी ने हर पीढ़ी के साथ काम किया. वो हिंदी सिनेमा के उन दुर्लभ कलाकारों में से थे जो हर पीढ़ी के दर्शकों के दिल में अपनी जगह बना सके.
बॉलीवुड में शोक की लहर
असरानी के जाने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.बड़े-बड़े सितारे सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.उनके सह-कलाकारों और फैंस का कहना है कि एक युग का अंत हो गया है. वे सिर्फ एक कलाकार नहीं थे, वो एक संस्थान थे, हंसी की विरासत थे.
यह भी पढ़ें- फेस्टिव सीजन के दौरान शेयर बाजार में दिखा जबरदस्त असर, निवेशकों की दौलत में 10 लाख करोड़ का इजाफा