T20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को झटका...न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर हुए तिलक वर्मा? जानें क्या है कारण

Vijay Hazare Trophy 2026: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले टीम इंडिया की तैयारियों को झटका लग सकता है. भारतीय टीम के उभरते सितारे तिलक वर्मा की चोट ने चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है.

Vijay Hazare Trophy 2026 Tilak verma out from new zealand series due to injury
Image Source: Social Media

Vijay Hazare Trophy 2026: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले टीम इंडिया की तैयारियों को झटका लग सकता है. भारतीय टीम के उभरते सितारे तिलक वर्मा की चोट ने चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है. पेट से जुड़ी गंभीर परेशानी के चलते उनका न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रस्तावित टी20 सीरीज में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है. हालात ऐसे बने तो विश्व कप में उनकी उपलब्धता पर भी असर पड़ सकता है.


तिलक वर्मा राजकोट में विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा ले रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक सुबह नाश्ते के बाद उन्हें अचानक पेट में तेज दर्द उठा. शुरुआत में इसे सामान्य तकलीफ समझा गया, लेकिन दर्द बढ़ने पर उन्होंने तुरंत बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मेडिकल स्टाफ से संपर्क किया. डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जरूरी जांच और स्कैन किए गए. मेडिकल रिपोर्ट्स में पेट से जुड़ी गंभीर चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद सभी दस्तावेज बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई मेडिकल टीम को भेज दिए गए.

सर्जरी की आशंका, वापसी में लग सकता है समय

मेडिकल एक्सपर्ट्स की शुरुआती राय के अनुसार तिलक वर्मा को सर्जरी करानी पड़ सकती है. अगर ऐसा होता है, तो उन्हें पूरी तरह फिट होने में लगभग तीन से चार हफ्तों का समय लग सकता है. ऐसे में 21 जनवरी से शुरू हो रही न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उनका शुरुआती मुकाबले खेल पाना बेहद मुश्किल माना जा रहा है. टीम मैनेजमेंट के लिए यह स्थिति इसलिए भी चुनौतीपूर्ण है क्योंकि तिलक हाल के महीनों में टी20 टीम की बल्लेबाजी का अहम हिस्सा बन चुके हैं.

विश्व कप से पहले टीम इंडिया की टेंशन

टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है और ऐसे समय में किसी अहम खिलाड़ी का चोटिल होना टीम के लिए चिंता का विषय है. हालांकि भारत का पहला मुकाबला अमेरिका के खिलाफ होना है, जिसे अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है. अगर तिलक शुरुआती मैचों तक फिट नहीं भी हो पाते हैं, तो टीम को थोड़ी राहत मिल सकती है. लेकिन उनकी रिकवरी में अगर देरी हुई, तो यह भारत की रणनीति और प्लानिंग पर असर डाल सकती है.

विकल्पों पर मंथन शुरू

तिलक वर्मा की अनिश्चित उपलब्धता को देखते हुए चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट संभावित विकल्पों पर नजर बनाए हुए हैं. जरूरत पड़ने पर शुभमन गिल जैसे अनुभवी खिलाड़ी को टी20 सेटअप में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है. हालांकि फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. अब सभी की नजरें तिलक की मेडिकल रिपोर्ट और उनकी रिकवरी की रफ्तार पर टिकी हुई हैं.

यह भी पढ़ें: भारत आकर T20 वर्ल्ड कप क्यों नहीं खेल सकता बांग्लादेश? खेल मंत्री ने दी सफाई कहा-देश की...