विजय हजारे ट्रॉफी में जिसने विराट को किया आउट, उसे कोहली ने दिया कीमती गिफ्ट, VIDEO शेयर कर जताया आभार

करीब एक दशक बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करने वाले विराट कोहली ने अपने प्रदर्शन से घरेलू क्रिकेट में नई जान फूंक दी.

Vijay Hazare Trophy Virat Kohli gave a memorable gift to Vishal Jaiswal
Image Source: Social Media

करीब एक दशक बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करने वाले विराट कोहली ने अपने प्रदर्शन से घरेलू क्रिकेट में नई जान फूंक दी. दिल्ली की ओर से खेलते हुए कोहली ने सिर्फ दो मैचों में ही यह साबित कर दिया कि उनका क्लास और फिटनेस आज भी उसी स्तर पर है. पहले मुकाबले में उन्होंने शानदार शतक जड़ा, जबकि गुजरात के खिलाफ दूसरे मैच में 77 रनों की सधी हुई पारी खेली.

गुजरात के खिलाफ मुकाबले में कोहली जिस लय में बल्लेबाजी कर रहे थे, उसे देखकर एक और शतक की उम्मीद की जा रही थी. हालांकि यह पारी एक ऐसे मोड़ पर खत्म हुई, जो गुजरात के युवा स्पिनर विशाल जायसवाल के लिए जीवनभर याद रहने वाला बन गया.

घूमती गेंद पर स्टंप आउट हुए विराट

मैच के दौरान गुजरात के बाएं हाथ के स्पिनर विशाल जायसवाल ने एक शानदार डिलीवरी फेंकी. गेंद इतनी ज्यादा टर्न हुई कि आगे बढ़कर खेलने आए विराट कोहली का बल्ला गेंद से संपर्क नहीं कर सका. विकेट के पीछे खड़े विकेटकीपर ने तुरंत मौका भुनाया और कोहली को स्टंप आउट कर दिया.

61 गेंदों पर 77 रनों की विराट की पारी वहीं समाप्त हो गई. एक घरेलू क्रिकेटर के लिए विराट कोहली जैसा बड़ा विकेट लेना किसी सपने के पूरा होने जैसा था. विकेट गिरते ही विशाल जायसवाल की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी.

मैच के बाद विराट की दरियादिली

मैच समाप्त होने के बाद विराट कोहली ने मैदान पर विशाल जायसवाल से बातचीत की. इस दौरान कोहली ने खेल भावना और दरियादिली दिखाते हुए विशाल को एक बेहद कीमती यादगार दी. विराट ने मैच की गेंद पर अपना ऑटोग्राफ किया और युवा स्पिनर के साथ फोटो भी खिंचवाई.

यह पल विशाल जायसवाल के लिए किसी ट्रॉफी से कम नहीं था. खुद विशाल ने इस खास लम्हे को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया और लिखा कि टीवी पर विराट को खेलते देखने से लेकर उनके साथ मैदान साझा करने तक का सफर उनके लिए अविश्वसनीय है.

विकेट का वीडियो भी किया शेयर

विशाल जायसवाल ने सिर्फ फोटो ही नहीं, बल्कि उस विकेट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें वह विराट कोहली को आउट करते नजर आ रहे हैं. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि दुनिया के सबसे बड़े बल्लेबाजों में से एक का विकेट लेना उनके करियर का सबसे खास पल है.

उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट ने उन्हें जो कुछ दिया है, उसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे और विराट कोहली का विकेट लेना उनके दिल में हमेशा खास जगह रखेगा.

मैच में विशाल जायसवाल का शानदार प्रदर्शन

गुजरात के लिए यह मुकाबला भले ही हार में बदल गया, लेकिन विशाल जायसवाल का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में किफायती गेंदबाजी की और कुल चार विकेट अपने नाम किए. उन्होंने 42 रन देकर दिल्ली की बल्लेबाजी को 254/9 के स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई.

हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम 247 रन ही बना सकी और मुकाबला 7 रन से हार गई, लेकिन विशाल का प्रदर्शन मैच के सकारात्मक पहलुओं में शामिल रहा.

विजय हजारे ट्रॉफी में विराट का दमदार आगाज

विराट कोहली ने दिल्ली के लिए विजय हजारे ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों में कुल 208 रन बनाए. आंध्र प्रदेश के खिलाफ उन्होंने 131 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि गुजरात के खिलाफ 77 रन बनाए.

गुजरात के खिलाफ मैच के बाद विराट कोहली को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर रवाना होते देखा गया. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका कार्यक्रम पहले दो मैच खेलने का था, लेकिन यह संभावना जताई जा रही है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले वह एक और मुकाबले में दिल्ली की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं.

ये भी पढ़ें- विजय हजारे ट्रॉफी में कितनी थी कोहली-रोहित की मैच फीस? प्लेयर ऑफ द मैच को मिले थे 10,000 रुपये