स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Vivo लगातार नए डिवाइस लॉन्च कर रहा है. इसी कड़ी में कंपनी ने UAE में चुपचाप अपना नया 5G स्मार्टफोन Vivo V70 Lite लॉन्च कर दिया है. यह फोन उन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो शानदार डिस्प्ले, लंबी बैटरी लाइफ और बेहतर परफॉर्मेंस की तलाश में हैं. देखने में यह काफी हद तक Vivo V60 Lite जैसा है, लेकिन इसके अंदर एक तेज प्रोसेसर दिया गया है जो इसे पहले से ज्यादा दमदार बनाता है.
कीमत और स्टोरेज ऑप्शन
Vivo V70 Lite को कंपनी ने दो मेमोरी वेरिएंट और दो आकर्षक कलर ऑप्शन में पेश किया है. फोन ब्लैक और गोल्डन रंग में उपलब्ध है. इसमें 8GB LPDDR4X RAM के साथ UFS 3.1 स्टोरेज दी गई है. इसके 8GB 128GB मॉडल की कीमत AED 1,099 (करीब 28,550 रुपये) रखी गई है, जबकि 8GB 256GB वेरिएंट AED 1,299 (करीब 33,750 रुपये) में उपलब्ध होगा. यह कीमत इसे मिड-रेंज सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनाती है.
AMOLED डिस्प्ले के साथ मिलेगा प्रीमियम अनुभव
फोन में 6.77 इंच का FHD AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक जाती है, जिससे तेज धूप में भी कंटेंट आसानी से देखा जा सकता है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में पंच-होल कटआउट के अंदर 32MP का कैमरा दिया गया है. वहीं सुरक्षा के लिए डिस्प्ले के नीचे ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर भी मौजूद है.
नए चिपसेट से बेहतर होगी परफॉर्मेंस
Vivo V70 Lite में MediaTek Dimensity 7400 Turbo प्रोसेसर दिया गया है, जो पिछले मॉडल में इस्तेमाल किए गए Dimensity 7360 का अपग्रेडेड वर्जन है. दोनों चिपसेट काफी हद तक समान हैं, लेकिन नए प्रोसेसर में ARM Cortex-A78 परफॉर्मेंस कोर की क्लॉक स्पीड 2.5GHz से बढ़ाकर 2.6GHz कर दी गई है. इससे डिवाइस की प्रोसेसिंग क्षमता में थोड़ा अतिरिक्त सुधार देखने को मिलता है और मल्टीटास्किंग का अनुभव भी बेहतर हो जाता है.
50MP कैमरा और 6500mAh बैटरी इसकी बड़ी ताकत
फोटोग्राफी के लिए फोन में 50MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जिसमें f/1.8 अपर्चर वाला Sony IMX882 सेंसर मौजूद है. इसके साथ 8MP का अल्ट्रावाइड लेंस भी मिलता है, जिससे वाइड एंगल शॉट्स कैप्चर किए जा सकते हैं. फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6,500mAh की बैटरी है, जो लंबे समय तक इस्तेमाल का भरोसा देती है. वहीं 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट बैटरी को तेजी से चार्ज करने में मदद करता है. सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह डिवाइस Android 16 आधारित OriginOS 6 पर काम करता है.
ये भी पढ़ें: Chrome यूजर्स हो जाएं सावधान! फौरन कर लें ये जरूरी काम, वरना खतरे में पड़ सकता है आपका डेटा