Weather Today: कश्मीर से हिमाचल तक बर्फबारी, इन राज्यों में होगी बारिश, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना जताई गई है.

Weather Today Snowfall from Kashmir to Himachal rain in these states
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Weather Today: उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है. खासतौर पर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना जताई गई है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 20 जनवरी तक अधिकांश इलाकों में सर्दी और घना कोहरा जारी रह सकता है. इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20 से 25 जनवरी के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है.

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर

मौसम विभाग का कहना है कि 20 और 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में इस दौरान बर्फ गिरने की भी संभावना है. हिमाचल प्रदेश में भी 20 जनवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है.

इसके बाद 22 से 24 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है. कश्मीर घाटी में 22 और 23 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी बारिश या भारी बर्फबारी की आशंका जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 23 जनवरी को तेज बर्फबारी हो सकती है. 25 जनवरी के बाद मौसम की तीव्रता में कुछ कमी आने के संकेत हैं.

मैदानी राज्यों में बारिश के संकेत

मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब में 22 से 25 जनवरी के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसी अवधि के दौरान कहीं-कहीं बारिश दर्ज की जा सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जनवरी को बारिश के आसार बने हुए हैं. वहीं राजस्थान में 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है.

तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं और आंधी-तूफान को लेकर भी चेतावनी जारी की है. 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

इसके अलावा 22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 22 और 23 जनवरी तथा उत्तराखंड में 23 जनवरी को बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.

तापमान और कोहरे का हाल

तापमान को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि इसके कुछ दिनों बाद फिर से 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है.

महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है.

कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. पंजाब में 20 जनवरी तक और 21 जनवरी को कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. हरियाणा और चंडीगढ़ में 21 जनवरी तक, उत्तर प्रदेश में 20 जनवरी तक और बिहार में 21 जनवरी तक सुबह और रात के समय घने कोहरे की संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 और 21 जनवरी को शीतलहर चल सकती है.

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की उम्मीद है. 23 जनवरी को तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर जा सकता है. अधिकतम तापमान अगले चार दिनों तक सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है.

23 जनवरी को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा सुबह के समय अगले छह दिनों तक हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है.

उत्तराखंड में कब बदलेगा मौसम?

उत्तराखंड में 20 जनवरी तक मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन इसके बाद 21 से 24 जनवरी के बीच पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 21 जनवरी से मौसम बिगड़ने के संकेत हैं. इससे ठंड बढ़ सकती है और मैदानी इलाकों में कोहरे का असर और ज्यादा हो सकता है.