Weather Update: नए साल की शुरूआत, बारिश और बर्फबारी के साथ... आपके यहां कैसा रहेगा मौसम? अलर्ट जारी

नए साल की दस्तक से पहले उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है.

Weather Update New Year begins with rain and snowfall
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Weather Update: नए साल की दस्तक से पहले उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी, वहीं नए साल की शुरुआत कई इलाकों में बारिश के साथ होने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह स्थिति 1 जनवरी तक बनी रहने की आशंका है. कोहरे के कारण दृश्यता कम रहने से यातायात प्रभावित हो सकता है.

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

IMD ने बताया है कि 30 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा. इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में भी मौसम बदलेगा.

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं.

शीत दिवस और कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है. वहीं बिहार में 29 दिसंबर को ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है.

दिल्ली-NCR का मौसम

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में नए साल की शुरुआत बारिश के साथ होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली में भी दिखेगा.

31 दिसंबर को राजधानी में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 1 जनवरी को हल्की बारिश होने के आसार हैं. आज यानी 29 दिसंबर की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और बारिश के साथ हो सकती है. मौसम विभाग ने 1 जनवरी के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. हालांकि उससे पहले प्रदेश में मौसम सामान्य रूप से साफ रह सकता है.

31 दिसंबर तक प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है. 29 दिसंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में घना से अत्यंत घना कोहरा देखने को मिल सकता है. कुछ स्थानों पर शीत दिवस का अलर्ट भी जारी किया गया है.

झारखंड का मौसम

झारखंड में इन दिनों ठंड का प्रकोप जारी है. मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों के लिए शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. हालांकि विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है.

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. इसके प्रभाव से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश या मावठ हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

ये भी पढ़ें- आधार, पैन से लेकर LPG और फ्यूल तक... 1 जनवरी से नियम में क्या-क्या होंगे बदलाव, जेब पर क्या होगा असर?