Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का असर एक बार फिर तेज होने जा रहा है. 19 जनवरी से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तेजी से उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इन मौसमी प्रणालियों का असर पूरे सप्ताह पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों पर बना रहेगा. इसके चलते 23 जनवरी तक कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. मैदानी राज्यों में ठंडी हवाओं, शीतलहर और घने कोहरे से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हवाएं अब ऐसी दिशा में बह रही हैं, जिससे उत्तर भारत में ठंड और तेज महसूस की जाएगी. 19 जनवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसका असर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में साफ तौर पर दिखेगा. इन राज्यों में रात का तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहने का अनुमान है. आईएमडी के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है. खास तौर पर उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बेहद घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.