'बंगाल जल रहा, सांसद चाय की चुस्की ले रहे', मुर्शिदाबाद हिंसा के बीच BJP ने यूसुफ पठान पर साधा निशाना

West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) कानून के विरोध में शुक्रवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद 150 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

'बंगाल जल रहा, सांसद चाय की चुस्की ले रहे', मुर्शिदाबाद हिंसा के बीच BJP ने यूसुफ पठान पर साधा निशाना
Image Source: Social Media

West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) कानून के विरोध में शुक्रवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद 150 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं इस मामले को लेकर भाजपा सरकार द्वारा मामता सरकार पर निशाना साधा जा रहा है. 

यूसुफ पठान की चाय वाली पोस्ट पर विवाद

इस बीच, बहरामपुर से टीएमसी सांसद यूसुफ पठान ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की, जिसमें वे चाय पीते हुए और शांत वातावरण का आनंद लेते नजर आ रहे हैं. उन्होंने पोस्ट में लिखा, “आरामदेह दोपहर, अच्छी चाय और शांत वातावरण. बस पल का लुत्फ उठा रहा हूं.” इस पोस्ट के बाद बीजेपी ने उन पर निशाना साधा है.

बीजेपी का तीखा हमला

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने यूसुफ पठान और टीएमसी पर हमला बोलते हुए कहा, “जब बंगाल में हिंसा हो रही थी और हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा था, तब टीएमसी सांसद चाय की चुस्की ले रहे थे. हाईकोर्ट ने भी कहा है कि वह आंखें बंद नहीं रख सकता और राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती के आदेश दिए हैं. ममता बनर्जी राज्य प्रायोजित हिंसा को बढ़ावा दे रही हैं और पुलिस चुप बैठी है.”

यह भी पढ़े: मुर्शिदाबाद हिंसा में 3 लोगों की मौत, अब तक क्या-क्या हुआ? जानिए एक-एक अपडेट

कई इलाकों में भड़की हिंसा

वक्फ कानून के विरोध में मुर्शिदाबाद के सुती, समसेरगंज और धुलियान जैसे इलाकों में प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को आग के हवाले किया, घरों पर हमला किया और पुलिस से भिड़ गए. अब तक 138 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

मुख्यमंत्री की शांति की अपील

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा, “धर्म के नाम पर किसी भी तरह की गैर-धार्मिक गतिविधि न करें. राज्य सरकार वक्फ कानून को बंगाल में लागू नहीं करेगी.”