देश में तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है. हाल ही में जहां स्वदेशी मैसेजिंग ऐप Arattai ने चर्चा बटोरी, वहीं अब MapMyIndia ने अपना नया नेविगेशन ऐप Mappls लॉन्च कर दिया है, जो सीधे तौर पर गूगल मैप्स को टक्कर देने का दावा करता है.
इस ऐप को लेकर केंद्रीय आईटी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे 'बेहतर फीचर्स वाला, जरूर आज़माने लायक' ऐप बताया.
Mappls ऐप की खासियत क्या है?
अपने एक वीडियो पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने Mappls का डेमो दिखाया, जिसमें वे Apple CarPlay के जरिए इसे उपयोग करते नजर आए. उन्होंने बताया कि जब ड्राइव करते हुए ओवरब्रिज या अंडरपास आता है, तो यह ऐप थ्री-डायमेंशनल जंक्शन व्यू दिखाता है — जो किसी भी नेविगेशन ऐप के लिए एक बड़ा एडवांस फीचर है. इतना ही नहीं, यदि किसी बिल्डिंग में कई फ्लोर या दुकानें हों, तो Mappls आपको यह भी दिखाता है कि कौन-सी दुकान किस मंज़िल पर है. यह सुविधा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी जगहों पर काफी उपयोगी हो सकती है.
Swadeshi ‘Mappls’ by MapmyIndia 🇮🇳
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) October 11, 2025
Good features…must try! pic.twitter.com/bZOPgvrCxW
जल्द ही रेलवे के साथ साझेदारी
मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह भी जानकारी दी कि सरकार रेलवे और Mappls के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर काम कर रही है, जिससे इस ऐप के उन्नत फीचर्स को रेलवे सिस्टम में भी शामिल किया जा सकेगा.
कंपनी और यूज़र्स का उत्साह
MapMyIndia की ओर से भी इस उपलब्धि पर उत्साह जताया गया है. कंपनी ने एक्स पर कहा कि उन्हें खुशी है कि मंत्री ने ऐप का उपयोग किया और इसके ‘जंक्शन व्यू’ जैसे फीचर्स की सराहना की. ये फीचर्स खासतौर पर भारत की सड़कों और ट्रैफिक को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किए गए हैं ताकि ड्राइविंग को सुरक्षित और आसान बनाया जा सके. वहीं, MapMyIndia के सीईओ रोहन वर्मा ने एक और दिलचस्प फीचर की जानकारी दी — ऐप में अब लाइव ट्रैफिक सिग्नल टाइमिंग दिखाई देती है. यानी जैसे-जैसे सिग्नल की टाइमिंग काउंटडाउन होती है, वैसे ही Mappls ऐप में भी आपको वो समय दिखता है, जो इसे बेहद उपयोगी और "मैजिकल" बनाता है.
यह भी पढ़ें: विंडोज 10 का सपोर्ट हुआ खत्म, जानें विंडोज 11 में कैसे करें अपग्रेड?