आज के डिजिटल दौर में जहां मोबाइल नंबर हमारे कई जरूरी कामों का हिस्सा बन गए हैं, वहीं साइबर अपराधी भी नये-नये तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. SIM स्वैप स्कैम इसी में से एक खतरनाक फ्रॉड है, जिसने देशभर में कई लोगों की जान लेकर उनके बैंक खाते खाली कर दिए हैं. इस स्कैम में अपराधी आपके मोबाइल नंबर को अपने कब्जे में ले लेते हैं और फिर आपके डिजिटल अकाउंट्स तक पहुंच बनाकर भारी नुकसान पहुंचाते हैं. इस संदर्भ में केंद्र सरकार ने भी नागरिकों को सावधान करते हुए आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी है.
डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम (DoT) ने SIM स्वैप स्कैम के बढ़ते खतरे को लेकर एक विशेष चेतावनी जारी की है. DoT ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो के साथ यह बताया कि इस फ्रॉड में आपका मोबाइल नंबर और डिजिटल पहचान चुराई जाती है, जिससे आपकी निजी जानकारियों और बैंकिंग खातों का दुरुपयोग किया जाता है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे इस स्कैम से बचने के लिए सतर्क रहें और दिए गए निर्देशों का पालन करें.
क्या होता है SIM स्वैप स्कैम?
यह धोखाधड़ी इस तरह काम करती है कि स्कैमर्स आपके मोबाइल नंबर को अपने नए SIM कार्ड में ट्रांसफर कर लेते हैं. वे इस झूठे बहाने से कि आपने अपना SIM खो दिया है या नया लेना चाहते हैं, आपके मोबाइल सेवा प्रदाता से संपर्क करते हैं और नंबर ट्रांसफर करवा लेते हैं. इसके बाद आपका मोबाइल नंबर बंद हो जाता है और आपके सभी कॉल, मैसेज, और महत्वपूर्ण OTP स्कैमर्स के पास पहुंच जाते हैं. इससे वे आपके बैंक, सोशल मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण अकाउंट्स तक आसानी से पहुंच बना लेते हैं.
अपने नंबर को सुरक्षित रखें, धोखाधड़ी से बचें!
— DoT India (@DoT_India) September 21, 2025
SIM Swap Scam एक खतरनाक फ्रॉड जो आपके मोबाइल नंबर और डिजिटल पहचान को निशाना बनाता है। कैसे करना है इससे बचाव देखें वीडियो#DoT #cybersecurity@JM_Scindia @PemmasaniOnX @PIB_India @mygovindia @pib_comm @Cyberdost pic.twitter.com/MyMEnDfFch
लोग कैसे फंस जाते हैं?
साइबर अपराधी पहले सोशल इंजीनियरिंग, फिशिंग ईमेल या डार्क वेब से आपकी निजी जानकारी जुटाते हैं. फिर वे आपके मोबाइल सेवा प्रदाता को धोखे में रखकर आपका नंबर अपने SIM में पोर्ट करवाते हैं. इस प्रक्रिया के बाद आपका फोन नेटवर्क से बाहर हो जाता है और सभी मैसेज और OTP स्कैमर्स को मिलने लगते हैं. वे आपकी पहचान का उपयोग करके बैंक अकाउंट, सोशल मीडिया, और अन्य डिजिटल सेवाओं में घुसपैठ कर भारी नुकसान पहुंचाते हैं.
कैसे बचें इस धोखाधड़ी से?
अपने मोबाइल और बैंक खातों के लिए मजबूत पासवर्ड और पिन सेट करें, जो सिर्फ आपको पता हो. SMS या कॉल के जरिए किसी भी तरह की व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें. ऐप-आधारित वेरिफिकेशन (जैसे ऑथेंटिकेटर ऐप) का इस्तेमाल करें, जो 2FA को और मजबूत बनाता है. अगर आपका फोन अचानक नेटवर्क से डिस्कनेक्ट हो जाए या आप अकाउंट में लॉगिन न कर पाएं, तो तुरंत अपने मोबाइल सेवा प्रदाता से संपर्क करें. संदिग्ध लिंक या मैसेज पर क्लिक न करें और अनजान स्रोतों से आने वाली कॉल या संदेशों से सतर्क रहें.
SIM स्वैप स्कैम तेजी से बढ़ रहा है और इसकी शिकार बड़ी संख्या में लोग हो रहे हैं. इसलिए जागरूकता और सतर्कता ही इस खतरे से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है. सरकार की तरफ से जारी की गई ये एडवाइजरी हर नागरिक के लिए बेहद जरूरी है ताकि वे डिजिटल धोखाधड़ी से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकें.
यह भी पढ़ें: Sale में सस्ते स्मार्टफोन खरीदना पड़ेगा महंगा, अगर नहीं जानी ये बात तो होगा तगड़ा नुकसान