WhatsApp लाखों यूजर्स के लिए बातचीत का अहम जरिया है. कंपनी लगातार अपने यूजर्स के लिए नए-नए फीचर्स लेकर आती रहती है ताकि उनका अनुभव बेहतर हो सके. ताजा अपडेट में WhatsApp ने iOS यूजर्स के लिए एक बेहद काम का नोटिफिकेशन रिमाइंडर फीचर पेश किया है. अब आप किसी भी जरूरी मैसेज को भूलने की चिंता छोड़ सकते हैं, क्योंकि यह फीचर समय पर आपको याद दिलाएगा.
कैसे काम करता है नया मैसेज रिमाइंडर फीचर?
यह नया फीचर आपको पर्सनल और ग्रुप चैट दोनों में आने वाले महत्वपूर्ण मैसेज के लिए रिमाइंडर सेट करने की सुविधा देता है. खास बात यह है कि iOS यूजर्स इस रिमाइंडर को 2 घंटे, 8 घंटे या 1 दिन के लिए सेट कर सकते हैं. इसके अलावा, कस्टम टाइम और डेट भी सेट करने का विकल्प है, जिससे आप अपनी सुविधा के मुताबिक मैसेज को याद दिलाने का समय चुन सकते हैं. यह फीचर खासतौर पर मीटिंग्स, डेडलाइन या महत्वपूर्ण नोट्स के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा.
किसे मिला है यह फीचर और कब आएगा सभी के लिए?
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल iOS ऐप के वर्जन 25.25.74 पर कुछ चुनिंदा यूजर्स को मिला है. हालांकि, आने वाले हफ्तों में यह फीचर ज्यादा iPhone यूजर्स तक पहुंचाने की योजना है. यानी बहुत जल्द आपके फोन पर भी यह शानदार अपडेट आ सकता है.
रिमाइंडर सेट करने का तरीका और नोटिफिकेशन कैसे मिलेगा?
जब आप किसी मैसेज पर रिमाइंडर सेट करते हैं, तो उस मैसेज के बबल पर एक घंटी का छोटा आइकन दिखाई देता है. जब सेट किया गया समय पूरा हो जाता है, तब WhatsApp आपको नोटिफिकेशन भेजता है, जिसमें पूरा मैसेज, मीडिया प्रीव्यू और उसी चैट का लिंक दिखता है. रिमाइंडर पूरा होते ही यह नोटिफिकेशन अपने आप हट जाता है, जिससे आपकी चैट क्लीन बनी रहती है.
नया फीचर आपके व्हाट्सऐप अनुभव को करेगा आसान
यह नोटिफिकेशन रिमाइंडर फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए वरदान है जो अक्सर जरूरी मैसेज मिस कर जाते हैं या जिनके पास दिनभर कई नोटिफिकेशन आते रहते हैं. अब आप बिना किसी तनाव के महत्वपूर्ण सूचनाओं को ट्रैक कर सकेंगे और वक्त पर कार्रवाई कर पाएंगे. WhatsApp का यह कदम यूजर्स की जरूरतों को समझते हुए उनके अनुभव को और भी बेहतर बनाएगा.
ये भी पढ़ें: YouTube का धमाकेदार AI अपडेट, अब खुद-ब-खुद बनेंगे Shorts, क्रिएटर्स की कमाई होगी दोगुनी