Nayak 2: बॉलीवुड की सबसे चर्चित और समय से आगे मानी जाने वाली फिल्मों में शुमार ‘नायक’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लगभग 25 साल बाद फिल्म का सीक्वल ‘नायक 2’ आधिकारिक रूप से कंफर्म हो गया है. खास बात यह है कि इस बार भी अनिल कपूर एक बार फिर अपने यादगार किरदार ‘शिवाजी राव’ में वापसी करने जा रहे हैं.
इतना ही नहीं, अनिल कपूर इस बार सिर्फ अभिनेता नहीं बल्कि फिल्म के को-प्रोड्यूसर की भूमिका में भी नजर आएंगे. वह निर्माता दीपक मुकुट के साथ मिलकर ‘नायक 2’ का निर्माण करेंगे.
अनिल कपूर की दोहरी भूमिका
कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि अनिल कपूर ने ‘नायक’ के निर्माता ए.एम. रत्नम से फिल्म के राइट्स खरीद लिए हैं. अब लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, अनिल कपूर इस सीक्वल को आगे बढ़ाने में पूरी तरह सक्रिय हैं और वे फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ इसके निर्माण से भी जुड़े हुए हैं.
निर्माता दीपक मुकुट ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि वे और अनिल कपूर मिलकर इस फिल्म पर काम कर रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि ‘नायक 2’ केवल एक अफवाह नहीं है, बल्कि यह प्रोजेक्ट सक्रिय रूप से डेवलपमेंट स्टेज में है.
निर्माता दीपक मुकुट ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब दीपक मुकुट से पूछा गया कि क्या अनिल कपूर ने फिल्म के राइट्स खरीदे हैं, तो उन्होंने कहा कि वे दोनों मिलकर इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल कई स्तरों पर बातचीत चल रही है और इस वक्त ज्यादा जानकारी साझा करना जल्दबाजी होगी.
दीपक मुकुट ने यह भी स्पष्ट रूप से कंफर्म किया कि अनिल कपूर ‘नायक 2’ में अभिनय जरूर करेंगे. उनके शब्दों में, “हां, बिल्कुल—अनिल कपूर इस सीक्वल में लीड रोल निभाएंगे.”
‘नायक 2’ को क्यों कहा जा रहा लीगेसी प्रोजेक्ट?
निर्माता दीपक मुकुट के मुताबिक, ‘नायक’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक लीगेसी प्रोजेक्ट है. उन्होंने बताया कि पहली फिल्म को रिलीज हुए लगभग 25 साल हो चुके हैं और हर फिल्म की अपनी किस्मत और समय होता है.
उनका मानना है कि अब वह सही वक्त आ गया है जब ‘नायक’ की कहानी को आगे बढ़ाया जाए. निर्माता ने कहा कि अनिल कपूर के साथ उनकी आपसी समझ बनी और इसी वजह से यह तय हुआ कि वे इस फिल्म को साथ मिलकर बनाएंगे.
कब शुरू होगी ‘नायक 2’ की शूटिंग?
फिल्म की शूटिंग को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा उत्सुकता है. हालांकि, फिलहाल शूटिंग की तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है. बॉम्बे टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दीपक मुकुट ने कहा कि फिल्म की शूटिंग तभी शुरू होगी जब स्क्रिप्ट पूरी तरह फाइनल हो जाएगी.
उन्होंने यह भी बताया कि प्रोजेक्ट पर काम तेजी से चल रहा है और मेकर्स जल्द ही ‘नायक 2’ से जुड़ी आधिकारिक घोषणा करेंगे. फिलहाल कास्टिंग और प्रोडक्शन शेड्यूल को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा गया है.
पहली ‘नायक’ फिल्म की खास बात
‘नायक’ साल 2001 में रिलीज हुई थी और यह मशहूर निर्देशक शंकर की तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मुधलवन’ (1999) का हिंदी रीमेक थी. फिल्म में अनिल कपूर के अलावा अमरीश पुरी ने दमदार खलनायक की भूमिका निभाई थी. वहीं रानी मुखर्जी, जॉनी लीवर और शिवाजी सतम भी अहम किरदारों में नजर आए थे.
हालांकि, रिलीज के वक्त ‘नायक’ बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद के वर्षों में सैटेलाइट टीवी पर बार-बार प्रसारित होने के कारण यह फिल्म कल्ट क्लासिक का दर्जा हासिल कर चुकी है.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में IPL के टेलीकास्ट पर लगा बैन, मुस्तफिजुर रहमान विवाद के बाद यूनुस सरकार का बड़ा फैसला