Vaibhav Sooryavanshi: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जल्द ही टीम इंडिया के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल सकते हैं. भारत और आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को टी20 सीरीज खेली जाएगी. सीरीज शुरू होने से पहले वैभव को भारतीय टीम की आधिकारिक जर्सी मिल गई है, जिससे उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
जर्सी नंबर 3 को लेकर हो रही चर्चा
बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ सदस्य रघु, वैभव को उनकी जर्सी देते नजर आए. इस वीडियो से पता चला कि वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नंबर 3 की जर्सी पहनेंगे.
दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते समय वह नंबर 12 की जर्सी पहनते रहे हैं. भारत के लिए पहले हरभजन सिंह और सुरेश रैना भी नंबर 3 की जर्सी पहन चुके हैं.
Ladies & Gentlemen
— BCCI (@BCCI) June 23, 2026
The moment the nation has been waiting for has arrived!
Vaibhav Sooryavanshi in #TeamIndia jersey. Witness this incredibly special moment ❤️ pic.twitter.com/sUUytFMPVw
मां की वजह से चुना नंबर 3
वैभव ने पहले बताया था कि उनकी मां की सलाह पर उन्होंने नंबर 3 को खास माना. उनका कहना था कि 12 नंबर की जर्सी पहनने के बजाय 1 और 2 को जोड़कर सीधे 3 चुना जा सकता है, इसलिए उन्हें नंबर 3 ज्यादा पसंद है.
ट्राई सीरीज में दिखाया दम
हाल ही में इंडिया ए टीम के साथ ट्राई सीरीज में वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया था. शुरुआती चार मैचों में वह ज्यादा रन नहीं बना सके थे, लेकिन फाइनल मुकाबले में उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी की. वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन बनाए और 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
माता-पिता भी रहेंगे साथ
आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का पहला जत्था रवाना हो चुका है. खास बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी के माता-पिता भी इस दौरे पर उनके साथ रहेंगे. ऐसे में उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत और भी खास बनने वाली है.
ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस से लेकर आकाशतीर तक... दुनिया में बज रहा भारतीय हथियारों का डंका, UAE के साथ होगी बड़ी डील?