Who is Aman Rao: विजय हजारे ट्रॉफी में मंगलवार का दिन भारतीय घरेलू क्रिकेट के लिए खास बन गया, जब हैदराबाद के युवा बल्लेबाज अमन राव परेला ने अपने बल्ले से इतिहास रच दिया. बंगाल के खिलाफ राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 21 साल के इस ओपनर ने ऐसा तूफानी प्रदर्शन किया कि मैदान पर मौजूद दर्शक ही नहीं, क्रिकेट पंडित भी हैरान रह गए. महज अपने तीसरे लिस्ट-ए मैच में अमन ने दोहरा शतक जड़कर खुद को भविष्य का बड़ा नाम साबित कर दिया.
अमन राव परेला ने अपनी पारी में गजब का आत्मविश्वास और परिपक्वता दिखाई. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 154 गेंदों पर नाबाद 200 रन बनाए, जिसमें 13 छक्के और 12 चौके शामिल रहे. खास बात यह रही कि उन्होंने अपना दोहरा शतक पारी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर पूरा किया. उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत हैदराबाद ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 352 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.
अमेरिका में जन्म, भारत में चमक
19 मार्च 2004 को अमेरिका के मैडिसन, विस्कॉन्सिन में जन्मे अमन राव परेला तेजी से भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बना रहे हैं. उम्र से कहीं ज्यादा मैच्योर नजर आने वाले अमन ने सबसे पहले अंडर-23 स्टेट ट्रॉफी में लगातार दमदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं. बड़े स्कोर बनाने के साथ-साथ उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में संयम भी दिखाया, जो उन्हें अन्य युवा बल्लेबाजों से अलग करता है.
बड़े मंच पर भी बेखौफ अंदाज
अमन का निडर खेल बड़े टूर्नामेंट्स में भी देखने को मिला है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने स्थापित गेंदबाजों के खिलाफ बिना झिझक आक्रामक बल्लेबाजी की. मुंबई के खिलाफ मुकाबले में शार्दुल ठाकुर के एक ओवर में की गई जोरदार पिटाई ने उनके इरादे साफ कर दिए थे. साफ-सुथरे शॉट्स, मजबूत बेस और आक्रामक सोच के दम पर अमन का टी20 स्ट्राइक रेट 160 से ऊपर है, जो उन्हें मैच विनर बल्लेबाज बनाता है.
बंगाल के गेंदबाजों पर कहर
विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ खेली गई यह पारी सिर्फ ताकत की नहीं, बल्कि समझदारी की भी मिसाल रही. अमन ने मोहम्मद शमी, आकाश दीप और मुकेश कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ 120 रन बटोरे. उन्होंने राहुल सिंह (65 रन) के साथ 104 रन की ओपनिंग साझेदारी कर हैदराबाद को मजबूत शुरुआत दी. इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा के साथ 87 रन की अहम पार्टनरशिप ने टीम को पूरी तरह नियंत्रण में रखा.
गेंदबाजी में भी हैदराबाद का दबदबा
हैदराबाद की बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शुरुआत में ही बंगाल की रन चेज की कमर तोड़ दी. सिराज ने 10 ओवर में 58 रन देकर 4 विकेट झटके और बंगाल को शुरुआती झटके दिए. एक समय बंगाल का स्कोर 73 रन पर 4 विकेट हो गया था, जहां से वापसी मुश्किल हो गई.शाहबाज अहमद ने जरूर संघर्ष करते हुए 113 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला. नतीजतन, बंगाल की टीम 44.4 ओवर में 245 रन पर सिमट गई.
टूर्नामेंट में बढ़ती प्रतिष्ठा
इस हार के बावजूद बंगाल की टीम छह मैचों में चार जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है, हालांकि नेट रन रेट के आधार पर वह विदर्भ से पीछे है. वहीं अमन राव परेला ने इस दोहरे शतक के साथ विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है. तीन मैचों में 252 रन और 126 की औसत के साथ वह अब टूर्नामेंट के सबसे चर्चित बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: वो 5 खिलाड़ी, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में बनाए सबसे ज्यादा रन, देखें पूरी लिस्ट